एटा से मेरठ मंडी जा रहा लाखों के लहसुन से लदा कैंटर अकराबाद क्षेत्र में जीटी रोड पर गोपी के पास लूट लिया गया। इसके बाद बदमाशों ने कैंटर चालक को बंधक बनाकर एक कार में डाल लिया और उसे ले जाकर नदरई कासगंज में फेंका। यह वाकया शनिवार रात का है।
तभी से पीड़ित कैंटर चालक कासगंज, एटा और अकराबाद के चक्कर लगा रहा है। मगर पुलिस ने सुनवाई नहीं है। बुधवार को पीड़ित एसएसपी के सामने शिकायत लेकर पहुंचा। जिन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसओ अकराबाद को कार्रवाई के निर्देश दिए।
मेरठ के शताब्दी नगर निवासी विनोद कुमार पुत्र गोपीचंद्र कैंटर मालिक व चालक हैं। उनका कहना है कि 12 दिसंबर की शाम एटा से कैंटर में करीब 6 लाख रुपये कीमत का 63 क्विंटल लहसुन भरकर मेरठ मंडी के लिए चला।
रात में गोपी कस्बा के निकट पीछे से आये कार सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर कैंटर को रोक लिया और उसे बंधक बनाकर कार में डाल लिया। तभी दो बदमाश कैंटर लूट ले गए। जिसमें लहसुन के अलावा 75 हजार रुपये की नगदी भी रखी हुई थी।
चालक विनोद को नदरई के जंगलों में छोड़ दिया गया। किसी तरह से हिम्मत जुटाकर आगे बढ़े विनोद ने सूचना कासगंज पुलिस को दी। वहां से मामला अकराबाद का बताया गया तो उसने अकराबाद पुलिस से संपर्क साधा।
वहां से जवाब दे दिया गया कि मामला एटा का है। जबकि उससे लूट अकराबाद क्षेत्र में हुई थी। एसएसपी ने इस प्रकरण में गंभीरता दिखाते हुए अकराबाद एसओ कार्रवाई के लिए कहा है।
बता दें कि कुछ माह पहले आईजी जोन ने इसी तरह के मामलों का पटाक्षेप करते हुए साफ कह दिया था कि घटना चाहे कहीं भी हुई है। पुलिस पहले पीड़ित की सुनवाई करे। इसके बाद जांच किसी भी थाने में जाए। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।