बृहस्पतिवार की देर रात गांव हरदासपुर के पास एक तेज रफ्तार डंपर और कैंटर में टक्कर हो गई। इससे कैंटर सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कैंटर चालक विशाल गुरुग्राम से एक कंपनी के पाइप लादकर मैनपुरी जा रहे थे। कैंटर में मैनपुरी जिले के थाना गरगई के गांव कपूरपुर निवासी 32 वर्षीय नरेंद्र पुत्र एलम सिंह भी बैठकर अपने घर जा रहे थे। गांव हरदासपुर के पास कैंटर की एक डंपर से टक्कर हो गई। इसमें नरेंद्र की मौत हो गई जबकि चालक विशाल सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
थाना प्रभारी निरीक्षक विपिन कुमार यादव ने बताया कि नरेंद्र पांच भाई-बहनों में सबसे बड़े थे। उनके पिता किसान हैं। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।