पुष्पेंद्र कुमार अपने दोस्तों के साथ अलीगढ़ से गांव लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे कैंटर चालक ने उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार सभी युवक घायल होकर अंदर फंस गए ।
अकराबाद के जीटी रोड पर गांव सिसरोई के पास शनिवार रात एक कैंटर और कार की टक्कर हो गई। इस हादसे में कार में सवार एक युवक की जान चली गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस कर्मी मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
विज्ञापन
कासगंज के गांव नमैनी निवासी पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि वह अपने दोस्तों इकरार खान, उर्वेश यादव, मनोज कुमार, अमित चौहान और विपिन कुमार के साथ अलीगढ़ से गांव लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे कैंटर चालक ने उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार सभी युवक घायल होकर अंदर फंस गए थे। राहगीरों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों की मदद से कार के खिड़की-दरवाजे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। उन्हें एंबुलेंस से जेएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
मृतक और घायलों की स्थिति
जेएन मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने 38 वर्षीय विपिन को मृत घोषित कर दिया। विपिन कासगंज के सोरों थाना क्षेत्र के चंडौस गांव निवासी सुभाष के पुत्र थे। थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज मिश्रा ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अन्य पांच घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।