कैंडल मार्च निकालती एएमयू छात्र-छात्राएं।
- फोटो : neeraj
दिल्ली के जामिया मिलिया इस्लामिया में पीस मार्च निकाल रहे छात्र को गोली मारने की घटना के विरोध में बृहस्पतिवार की शाम को एएमयू में एक कैंडल मार्च निकाल कर घटना का विरोध किया गया। इस दौरान भाजपा, अमित शाह, नरेंद्र मोदी मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए इनसे आजादी मांगने के नारे लगाए गए।
दोपहर बाद जब जामिया के छात्र को एक युवक द्वारा गोली मारने की खबर एएमयू कैंपस तक पहुंची तो छात्रों में रोष फैल गया। तय हुआ कि शाम को घटना के विरोध में कैंडल मार्च निकाला जाएगा। सभी छात्र पुरानी चुंगी गेट पर इकट्ठा हुए। यहां से भौतिकी विभाग, दीनियात विभाग, आर्ट्स फैकल्टी होते हुए बाब ए सैयद धरना स्थल पर पहुंचे।
इस दौरान वीसी तेरी शामत आई, तलबाओं के नारों से, भाजपा मुर्दाबाद, अमित शाह मुर्दाबाद, योगी मोदी मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। इनसे आजादी की मांग की गई। बाब ए सैयद पर छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष फैजुल हसन ने कहा कि जामिया में जिस तरह से गोली चली है वह एक तरह से देश की संघी मानसिकता साफ नजर आ रही है।
एएमयू के छात्र उसका पुरजोर विरोध करते हैं। इसके साथ ही आजाद भारत के पहले आतंकवादी ने आज के दिन बापू को गोली मारी थी। लेकिन आज की घटना बता रही है कि वह आतंक वादी आज भी जिंदा है।
पुण्य तिथि पर बापू को श्रद्धांजलि दी
जामिया की घटना के विरोध में कैंडल मार्च के साथ ही बाब ए सैयद धरना स्थल पर 30 जनवरी को महात्मा गांधी की पुण्य तिथि पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। छात्रों ने कहा कि इस समय जो स्थिति है उसमें बापू के आदर्श और अहिंसा के सिद्धांत की प्रासंगिकता और बढ़ गई है।