दिल्ली में सीजेपी के प्रदर्शन का अलीगढ़ पर खासा असर दिखा। 15 से अधिक ट्रेनें निरस्त होने से हजारों यात्रियों को खासी परेशानी हुई। अलीगढ़ से संचालित व गुजरने वाली ट्रेनें रद्द रहीं। यात्रियों को दूसरे वाहनों पर निर्भर रहना पड़ा। वे घंटों तक वाहनों की तलाश में भटकते रहे।
अलीगढ़ स्टेशन पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहे। आरपीएफ और जीआरपी के जवान दिन भर गश्त करते रहे। अलीगढ़ से दिल्ली जाने वाली मेमू, ईएमयू, शताब्दी एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस, श्रम शक्ति एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस व गोमती एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें निरस्त रहीं।
अलीगढ़ स्टेशन से करीब 25-30 हजार दैनिक यात्री दिल्ली तक सफर करते हैं। आसपास के मडराक, दाऊद खान, महरावल, कुलवा, सोमना, डांबर स्टेशन से भी बड़ी संख्या में यात्री आते हैं। रेलवे काउंटर से 600 से अधिक यात्रियों ने टिकट निरस्त कराकर रिफंड लिया।
दिल्ली जाना था। रेलवे ने बिना बताए ट्रेनों को निरस्त कर दिया है। इससे काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
- योगेश शर्मा
पैसेंजर तो छोड़िए एक्सप्रेस व सुपरफास्ट ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया है। दूसरे वाहनों पर निर्भर रहना पड़ा।
- सुनील कुमार, केशव नगर
परिवार के साथ दिल्ली जा रहे थे। स्टेशन आने पर पता चला कि ट्रेनें निरस्त कर दी गई हैं। दूसरे वाहनों से जाने पर किराया अधिक पड़ता। मजबूरी में घर लौट रहे हैं।
- मनोज कुमार, रावण टीला
वर्जन
नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन स्टेशन के आसपास भारी यातायात दबाव रहने के मद्देनजर अलीगढ़ से संचालित होने व गुजरने वाली ट्रेनों को निरस्त किया गया ।
- अमित कुमार सिंह, रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी
अलीगढ़ जंक्शन पर खड़ी ट्रेन।- फोटो : samvad