अलीगढ़ से मेरठ बस से यात्रा कर रहे एक यात्री को बस कंडक्टर ने ढाई साल पुरानी टिकट ही थमा दी और किराया पूरा 157 रुपये ले लिया। टिकट लेने के बाद जब यात्री का ध्यान इस ओर गया तो उसने कंडक्टर से इस बात पर आपत्ति जताई तो यात्री के साथ अभद्रता कर दी गई। पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री के पोर्टल पर की गई, जिसके बाद वहां से इस मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए गए हैं।
नगला तिकौना निवासी हरीश तिवारी गत रविवार को सोहराब गेट डिपो की बस से मेरठ जा रहे थे। रास्ते में टिकट ली और 157 रुपये का भुगतान किया। कुछ देर बाद हरीश की नजर जब टिकट पर पड़ी तो देखा उस पर ढाई वर्ष पुरानी मार्च 2017 की तारीख थी। इस बात पर जब कंडक्टर को बताया तो वह भड़क गया।
बाद में यात्रा पूरी होने पर मामले की साक्ष्यों सहित शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत कर दी गई। मुख्यमंत्री कार्यालय से मामले की जांच संभागीय परिवहन अधिकारी को करने के निर्देश दिए। इसके बाद अब मामले की जांच सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को सौंपी गई है।