महानगर के बन्नादेवी क्षेत्र में जीटी रोड पर नई बस्ती के सामने मंगलवार शाम रोडवेज बस की चपेट में आए वाल्मीकि समाज के युवक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंप दिया गया। इधर, इस मामले में आरोपी बस चालक पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के आरोप में दर्ज मुकदमे में गिरफ्तार कर बुधवार को अदालत में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार जिला अस्पताल निवासी नितिन मंगलवार शाम किसी काम से जा रहे थे, तभी नई बस्ती के सामने रोडवेज बस की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई। इस मामले में नितिन की पत्नी मालती की ओर से दर्ज मुकदमे में आरोप है कि नितिन का कुछ दिन पहले शाहिद नाम के युवक से झगड़ा हुआ था।
दोनों में पहले से दोस्ती थी। इसी रंजिश में शाहिद नितिन को घर से बुलाकर ले गया था। इसी दौरान ऐसा कुछ हुआ, जिससे बचने के लिए भागते समय बस की चपेट में आकर मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने आरोपी सकरौली एटा के फाउंड्री नगर डिपो की बस के चालक महेंद्र को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया।
इधर, बुधवार को सुबह पोस्टमार्टम पर काफी लोगों की भीड़ रही। इस दौरान परिवार की ओर से मुआवजा, नौकरी व मकान आदि की मांग बुलंद रही। इस दुर्घटना के बाद मंगलवार की रात रसलगंज में जाम व जमकर हंगामा हुआ था। इसे लेकर प्रशासन की ओर से परिवार को मुआवजा, मकान, नौकरी आदि की मांग पर भरोसा दिलाया गया है।