जनपद में आज वैक्सीन खत्म होने के बाद कोविड टीकाकरण बंद हो गया है, हालांकि अभी इसे लेकर शासन स्तर से किसी तरह का नया आदेश स्वास्थ्य विभाग को नहीं मिला है। उम्मीद है कि कोई नया आदेश आएगा, इसके बाद टीकाकरण आदि पर कोई प्रक्रिया तय होगी। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि जिन्होंने अभी तक कोविड का टीका नहीं लगवाया है वह तैयार रहें। नई व्यवस्था अथवा नया आदेश आते ही टीका लगवाएं।
पं. दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त जिला चिकित्सालय सहित सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर कोविड का टीकाकरण चल रहा था। जिले में बड़े पैमाने पर टीकाकारण हो चुका है, मगर अभी भी लोगों में एहतियाती खुराक लेने में रुचि कम रही। यही वजह है कि अभी तक महज 31 फीसदी के आसपास लोगों ने कोविड की एहतियाती खुराक ली है।
इसी बीच बुधवार को टीका खत्म होने के कारण टीकाकरण का काम ठप हो गया। सीएमओ डॉ. नीरज त्यागी कहते हैं कि जनपद में टीके खत्म होने पर लखनऊ मुख्यालय को अवगत करा दिया गया है। वहां से निर्देश मिलने पर आगे के लिये निर्णय लिया जाएगा।
अब तक लगीं यह वैक्सीन
-101 फीसदी पहली डोज 18 प्लस को लगी।
-97 फीसदी दूसरी डोज 18 प्लस को लगी।
-94 फीसदी पहली डोज 12 प्लस को लगी।
-84 फीसदी दूसरी डोज 12 प्लस को लगी।
-91 फीसदी पहली डोज 15 प्लस को लगी।
-87 फीसदी दूसरी डोज 15 प्लस को लगी।
-31 करीब एहतियाती डोज जिले भर में लगी।