ततालानगरी के विकास के लिए वहां पर अब ऑटो और बस अड्डा बनने जा रहा है। बुधवार को कमिश्नर की अध्यक्षता में हुई मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक में यह निर्णय लिया गया। डीएलसी को इसका प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया है।
कमिश्नर जीएस प्रियदर्शी की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में हुई मंडलीय उद्योग बंधु बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान ने बताया कि महासचिव तालानगरी सुनील दत्ता की मांग पर तालानगरी औद्योगिक क्षेत्र में जलभराव एवं गंदगी को दूर करने के लिए आवश्यकतानुसार साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए हैं। औद्योगिक क्षेत्र में जलभराव को रोकने एवं जल संचयन के उद्देश्य से मनरेगा द्वारा बनाए जा रहे तालाब का कार्य बेहतर ढंग से करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, शहरी क्षेत्र में स्थापित सूक्ष्म एवं लघु औद्योगिक इकाइयों को शहर से बाहर शिफ्ट करने के लिए नए औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना के संबंध में एक्सपोर्ट एसोसिएशन के सचिव दिनेश चंद्र वार्ष्णेय ने बताया कि चिह्नित इकाइयों की स्थापना कि लिए लगभग 80 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता हैं। इस पर मंडलायुक्त ने यूपीएसआईडीसी को प्रस्ताव प्राप्त कर राज्य मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए।
उद्यमियों ने एसईजैड एवं कंटेनर डिपो की स्थापना के लिए भी प्रस्ताव रखा। वहीं, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत आशा शर्मा के मार्जिन मनी प्रकरण में जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।