तालानगरी चौकी प्रभारी दरोगा के संबंध में जो भी आरोप हैं उन सभी की जांच कराई जाएगी। चाय विक्रेता की शिकायत पर सीओ स्तर से जांच की जा रही है। आरोपों की जांच व सत्यता के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। किसी निर्दोष का बेवजह उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। - अमृत जैन, एसपी देहात
दरोगा की कुछ पुरानी कारगुजारियां ये भी
- 21 अगस्त 2024 को गांव भीमगढ़ी के एक घर में शराब की अवैध बिक्री का वीडियो बनाकर एक युवक ने पुलिस को सूचना दी। चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचकर उल्टा उस युवक को ही धमकाते हैं। महिला को उसके विरुद्ध ब्लैकमेलिंग की तहरीर देने को उकसाते हैं। दोनों वीडियो वायरल भी हुआ।
- 1 जनवरी 2025 को सपेरा भानपुर में डॉ. आंबेडकर की मूर्ति क्षतिग्रस्त होने पर दो पक्ष में पथराव हुआ। ग्राम प्रधान ने पुलिस को सूचना दी और उन्हीं को बलवे में नामजद कर लिया। 3 जनवरी को प्रधान व प्रधान पुत्र दोनों ने चौकी प्रभारी से अपनी नामजदगी का कारण पूछा तो दरोगा बोला तुम्हारा लड़का मेरी रिकॉर्डिंग करता है, इसलिए नामजद किया है। यह बातचीत भी प्रधान पुत्र ने रिकॉर्ड की। जिसमें मिट्टी (अवैध खनन) व पैसे वाली बातें भी सामने आईं।
- 17 दिसंबर 2024 को एक अपराधी की रिहाई पर टाइगर ग्रुप की शक्ति प्रदर्शन रैली जेल से हरदुआगंज तक पूरे चौकी क्षेत्र, बल्कि चौकी के सामने से लौटकर देर रात कोंडरा में समाप्त हुई थी। ये एक गोली कांड में जेल गया था। इस मुकदमे में मदद के नाम पर दरोगा पर सवाल उठे।
- 5 अप्रैल को जारौठी के रामवीर की आत्महत्या में भी आत्महत्या से पहले वह मदद के लिए तालानगरी चौकी पहुंचा था, लेकिन दरोगा के सामने ही उसे दूसरे पक्ष ने धमकी दी थी। इसके कुछ दिन बाद ही उसने निराश होकर विषाक्त पदार्थ खा लिया।