तमाम प्रयास के बाद भी वर्दीधारियों की हरकत थम नहीं रहीं। रविवार को वर्दीधारी की ऐसी ही हरकत ने पुलिस को शर्मसार किया है। यहां प्रेमिका के विवाह के एक माह के अंतराल में ही प्रेमी सिपाही की वजह से दंपति में विवाद होने लगा और रविवार को प्रेमी सिपाही महिला का पैरोकार बनकर उसके ससुरालियों को धमकाने पहुंच गया। परिजनों को बात समझते देर न लगी और उन्होंने सिपाही को वहीं पकड़कर बैठाते हुए जमकर हंगामा किया और पुलिस बुला ली। बाद में थाने पर भी जमकर हंगामा हुआ। इधर, नवविवाहिता ने पति पर मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दे दी है।
वाकये के अनुसार सासनीगेट क्षेत्र की युवती की शादी इसी वर्ष 18 फरवरी को देहलीगेट क्षेत्र के दिल्ली में बतौर इलेक्ट्रीशियन कार्यरत युवक से हुई है। युवक का आरोप है कि उसकी पत्नी शनिवार आधी रात में मोबाइल फोन पर किसी से चुपचाप बात कर रही थी। जब उसने पूछा तो बहाना कर दिया कि सहेली से बात कर रही थी। इस पर शक हुआ और उसने फोन किया तो उधर से कोई नहीं बोला। इसी बात पर झगड़ा हुआ। आरोप है कि खुद पत्नी ने दीवार में सिर मारने के अलावा चाकू से हाथ काट लिया। इस पर पति ने गुस्से में उसे एक थप्पड मार दिया।
इसके बाद रविवार सुबह सासनीगेट थाने की पला साहिबाबाद चौकी का सिपाही एक साथी के साथ वहां पहुंचा और परिजनों को धमकाने लगा। साथ ही महिला को अपने साथ थाने ले जाने व परिजनों से आने की बात कहने लगा। जिस पर परिजनों ने आपत्ति जताई और हंगामा हंगामा होने लगा। हंगामा देख सिपाही का दूसरा साथी खिसक गया। उधर पति ने सिपाही को पकड़कर देहली गेट थाने से पुलिस बुला ली। पुलिस सभी को थाने ले आई। जहां महिला के पिता ने आरोप लगाया कि पुलिस चौकी के पास ही उसका घर है।
इसी दौरान किसी तरह सिपाही ने उसे झांसे में ले लिया। तभी से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा है। उधर महिला ने इन आरोपों को गलत ठहराते हुए कहा कि वह सिपाही को बैंक में मिली थी तभी उससे जान पहचान हुई थी, केवल उसका फोन नंबर उसके पास था। इससे ज्यादा कुछ नहीं। महिला ने आरोप लगाया कि पति उसे पीटता है, अब वह उसके साथ नहीं रहेगी। न अपने मायके जाएगी। महिला ने मारपीट के अलावा भी कई गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक देहलीगेट ध्रुव कुमार ने बताया कि महिला की डॉक्टरी कराई गई है। साथ ही बिना सूचना के घर पहुंचे आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा गया है।
वर्दी वाले को राहत पर बड़ा सवाल
सासनीगेट का सिपाही देहली गेट में क्यों पहुंचा? इस पर पुलिस ने जांच करना उचित नहीं समझा। जिसकी वजह से यह परिवार बिगड़ा उस पर देहलीगेट पुलिस ने दरियादिली दिखा दी।
-प्रकरण संज्ञान में आया है। सिपाही के खिलाफ थाने से लिखित पत्र पर जांच होगी और उसके खिलाफ जांच के आधार पर कार्रवाई होगी। फिलहाल महिला की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है।
-अतुल श्रीवास्तव, एसपी सिटी