कोल तहसील के अकराबाद ब्लाक के पनैठी में बहुमंजिला व्यावसायिक इमारत बनेगी। इसमें लघु व मझोले उद्योगों की फैक्टरी संचालित करने के लिए उद्यमियों को किराए पर भवन मिलेगा। आगरा में बसपा सरकार के दौरान बनाई गई जूता मंडी की तर्ज पर इसको विकसित किया जाएगा, जिससे कि मझोले व लघु उद्यमियों को एक ही स्थान पर अपना कारोबार चलाने के लिए भवन मिल सके। व्यापारी भी अलग-अलग उद्यमियों से माल खरीदने के लिए जगह-जगह भागने की वजह एक स्थान पर पहुंचें।
जीएम डीआईसी श्रीनाथ पासवान ने बताया कि फ्लैट एंड फैक्टरी योजना इसे नाम दिया गया है। 2020 में इसके लिए प्रयास शुरू किए गए। पनैठी में ग्राम पंचायत की करीब 16 बीघा जमीन देखी गई है। जमीन की पैमाइश आगामी दो से तीन दिनों में होने जा रही है। इसके बाद पूरा प्लान तैयार होगा। शासन को प्लान भेजा जाएगा। वहां से प्लान व बजट पास होगा। इसके बाद काम शुरू होगा। संभावना है कि अगले दो साल में इसे तैयार कर लिया जाएगा। इसके बाद भवन में बनाए अलग-अलग फ्लैट को किराए पर फैक्टरी स्थापित करने के लिए दिया जाएगा। एग्रीमेंट करीब 25 से 30 साल का होगा। उद्यमियों का इसके प्रति रुझान भी अच्छा है। सूबे के कई जिलों में इस प्रकार की योजना पर पहले ही काम हो चुका है।