अलीगढ़ जिले की लंबे अर्से से चली आ रही मांग रविवार को पूरी हो गई। बदायूं को अलीगढ़ से जोड़ने वाले सांकरा गंगा घाट पर बन रहे प्रदेश के दूसरे सबसे बड़े पुल का शिलान्यास लोक निर्माण मंत्री शिवपाल िसंह यादव ने किया। इसके अलावा लोक निर्माण मंत्री द्वारा अलीगढ़ में लगभग 204 करोड़ लागत की 32 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया। इस मौके पर विभिन्न योजनाओं के 220 लाभार्थी मौके पर लाभान्वित किये गए।
सांकरा में जनसभा को संबोधित करते हुए शिवपाल ने कहा कि भाजपा प्रदेश की उपेक्षा कर रही है। भाजपा वाले राम और गंगा की झूठी कसम खाते हैं। गंगा की सफाई भी नहीं की गई। केंद्र सरकार ने मदद नहीं की, इससे तमाम किसानों को ओलावृष्टि की राशि नहीं मिली। बसपा सुप्रीमो पर भी वह जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि विधायक वीरेश यादव ने एक साल पहले रेलवे स्टेशन पर इस पुल की मांग की थी, जिसे सरकार पूरा करने जा रही है। सपा सरकार में यह 606 वां पुल है।
शिवपाल ने दादों-सांकरा मार्ग, सांकरा-रामघाट मार्ग पर भी बहुत जल्द काम शुरू कराने का भरोसा दिया। अतरौली विधायक वीरेश यादव ने कहा कि सांकरा घाट पर सेतु निर्माण शुरू होने से 50 साल का सपना पूरा हो गया है। कोल विधायक हाजी जमीरउल्लाह ने कहा कि लोक निर्माण मंत्री सर सैयद अहमद खां को भारत रत्न दिलाने के पक्षधर रहे हैं। इस अवसर पर विधायक गुन्नौर रामखिलाडी यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष सोनम देवी यादव, निशा पांडेय, एडीएम संजय चौहान, सीडीओ डीएस सचान, एसडीएम अतरौली अमित कुमार, पीडी जीएन भट्ट, मुख्य अभियंता पीडब्लूडी एमएन खान, डीएसटीओ शीष कुमार, डीएलसी जवीं आयशा आदि मौजूद रहे।
अलीगढ़-बदायूं के इन गांवों को मिलेगा लाभ
गंगा के एक ओर बदायूं का मिठनपुर तथा दूसरी ओर अलीगढ़ जनपद का सांकरा घाट है। अलीगढ़- बदायूं के बीच बन रहे गंगा पुल की लागत 82 करोड़ 90 लाख रुपये प्रस्तावित है। इस पुल से अलीगढ़ एवं बदायूं सीधे जुड़ जायेंगे। 1095.080 मीटर लंबे इस पुल बनने से मिठनपुर की ओर गांव जलालपुर, भीमपुर, दोस्तपुर, कैरई, सेरई, चौगानपुर, खजौरी, नारूपुर, मैगरा, कलेवा, रघुपुर, पुख्ता, धर्मपुर आदि के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। सांकरा की ओर गंगीरी, छर्रा, अतरौली को लाभ मिलेगा।
अतरौली रोड पर हामिदपुर, गंगावास, नगला रामपुर, नगला जीवाराम, लहरा सलेमपुर , गिरधरपुर, गोखमपुर, गोवाली, अभयपुर आदि गांव में भी चहुंमुखी विकास होगा। इसके साथ ही बदायूं और अलीगढ़ व्यापारिक एवं विकास की दृष्टि से जुड़ेंगे।