फरसे के हमले से घायल हुआ युवक।
- फोटो : samvad
अलीगढ़-टप्पल रोड स्थित धुंधी नगला गेट के पास बृहस्पतिवार भूमि की विवाद के चलते साले ने जीजा पर फरसे से हमला कर दिया।
दिल्ली निवासी लक्ष्मण शर्मा अपनी पत्नी के साथ तहसील कोर्ट से लौट रहे थे, तभी आरोपी ने रास्ता रोककर उनपर हमला कर दिया। सिर पर कई वार किए। हेलमेट लगा होने के बाद भी वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह भी घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर आरोपी को जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। खैर इंस्पेक्टर रितेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटना में फरसा बरामद कर लिया है। तहरीर प्राप्त होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।