क्षतिग्रस्त गुंबद सही करते राज-मजूदर
- फोटो : अमर उजाला
अलीगढ़ में थाना छर्रा के गांव भमोरी, मोड़ के निकट दरगाह-मस्जिद की असामाजिक तत्वों द्वारा सोमवार की देर रात्रि को चार गुंबद तोड़ दिए गए। गुम्बद टूटने की सूचना पर भारी पुलिस फोर्स मौके पर तैनात हो गई। पुलिस ने मौके पर रहकर क्षतिग्रस्त गुम्बदों का निर्माण कार्य पूरा कराया। गुम्बद तोड़ने पर मुस्लिम समुदाय में भारी रोष है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी दो बार इस प्रकार की घटना हो चुकी है।
थाना कोतवाली छर्रा क्षेत्र के गांव भमोरी मोड़ के निकट लगभग 150 वर्ष पुरानी वक्फ दरगाह हजरत सईद वजरूद्दीन शाह उर्फ ताड शाह बाबा है। दरगाह पर हर वर्ष तीन दिन का उर्स का भी आयोजन होता है। दरगाह कमेटी के अध्यक्ष जाविर अली ने बताया कि दरगाह- मस्जिद के रख-रखाव के बाद हर रोज रात में लगभग दस बजे घर चले जाते हैं, फिर प्रात: चार बजे आते हैं। सोमवार की रात्रि को भी सभी काम खत्म कर घर चले गए थे।
मंगलवार तड़के चार बजे दरगाह पर जब आना हुआ, तो देखा कि दरगाह के चार गुंबद टूटे हुए थे, जबकि मस्जिद का एक गुंबद क्षतिग्रस्त था। मस्जिद के अन्दर धार्मिक ग्रन्थ बिखरे पड़े थे। जिसकी सूचना तत्काल छर्रा कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना पर कोतवाली निरीक्षक केपी सिंह ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया और मय फोर्स के घटनास्थल पर पहुंच गये। मौके पर छर्रा कोतवाली के अलावा पालीमुकीमपुर के थाना प्रभारी भी पहुंच गए।
गुंबद को असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़े जाने की खबर पर मुस्लिम समुदाय दरगाह पर पहुंच गया। पुलिस फोर्स तैनात होने व कोतवाली निरीक्षक की सूझबूझ के चलते तत्काल प्रभाव से गुम्बदों का निर्माण व क्षतिग्रस्त गुम्बद को सही कराया गया। मामले के ट्विटर पर आने के बाद अलीगढ़ पुलिस ने ट्विट के जवाब में कहा कि मजार की बाउंड्री के ऊपर बने छोटे-छोटे टूटे हिस्से को तत्काल मरम्मत से ठीक कराया गया, क्षति के सही कारण व कारक का पता लगाया जा रहा है, अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्यवाही प्रचलित की गयी, मौके पर शांति है।
क्षेत्राधिकारी छर्रा शुबेन्दु सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पर कोतवाली प्रभारी मय फोर्स के मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त हुए गुंबदों का निर्माण कराया गया है। घटना की तहरीर मिलने पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच कर दोषियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी।