अलीगढ़ में जवां क्षेत्र के गोधा रोड पर काली नदी के ऊपर 16.50 करोड़ रुपये की लागत से एक नया पुल बनाया जाएगा। उत्तर प्रदेश सेतु निगम ने इसकी विस्तृत कार्य योजना तैयार कर शासन को भेज दी है। इस पुल की लंबाई 120 मीटर होगी।
अतरौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक और प्रदेश में मंत्री संदीप सिंह के प्रस्ताव पर यह कार्य योजना तैयार की गई है। इससे क्षेत्र के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। यह पुल गांव गोबली के पास बनाया जाएगा। नदी के एक तरफ खेड़ा बुजुर्ग, खुर्द खेड़ा, गोपालपुर, नरौली, बहादुरपुर, भूतपुरा, छलेसर, हाहैक, और राजखां का नगला गांव स्थित हैं। वहीं, दूसरी ओर गोबली, दाऊदगढ़ी, नरौना, अहमदपुरा, चंदौली, मुरादपुर, और चंड़ौला आदि गांव बसे हुए हैं।
सेतु निगम के डीपीएम मोहित कुमार ने बताया कि पुल के निर्माण के लिए कार्य योजना तैयार करके शासन को भेज दी गई है। शासन से स्वीकृति मिलते ही पुल का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। इस पुल के बनने से दोनों तरफ के गांवों के निवासियों का आवागमन सुगम हो जाएगा और उन्हें लंबी दूरी तय करने से मुक्ति मिलेगी।