थाना सासनी गेट क्षेत्र के आगरा रोड स्थित साकेत विहार कॉलोनी में सोमवार को एक हार्डवेयर फैक्टरी के ताले तोड़कर चोर हजारों की नकदी समेत लाखों का माल चोरी कर ले गए। पीड़ित ने इस मामले में थाने में तहरीर दी है।
सासनी गेट क्षेत्र में आगरा रोड स्थित पुराने डाकखाने वाली गली निवासी विकास शर्मा साकेत विहार काॅलोनी में हार्डवेयर की फैक्टरी चलाते हैं। इसमें ताला बनाने के साथ ही हार्डवेयर माल की पैकिंग का कार्य होता है। रोजाना की तरह विकास शर्मा सोमवार को अपनी फैक्टरी बंद कर घर चले गए। मंगलवार सुबह पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि फैक्टरी के ताले टूटे पड़े हैं।
विकास शर्मा ने बताया कि चोर 19 हजार रुपये नकद व तीन लाख रुपये कीमत का हार्डवेयर का तैयार माल चोरी कर ले गए हैं। चो फैक्टरी में बने मंदिर से भगवान की मूर्ति व रेखे दान पात्र भी चुरा ले गए। सीओ प्रथम मयंक पाठक ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। चोरों की तलाश की जा रही है।