दिल्ली- हावड़ा रेलवे ट्रैक पर 4 दिसंबर को अलीगढ़ रेलवे स्टेशन और आईटीआई के बीच टीएडी पैसेंजर ट्रेन के पहिए जाम हो गए। इससे ट्रेन करीब 40 मिनट तक खड़ी रही। इस दाैरान यात्री ट्रेन से नीचे उतर आए। रेलवे की टेक्नीशियन टीम ने गड़बड़ी को दूर कराने के बाद उसे गंतव्य को रवाना करा दिया।
विज्ञापन
टूंडला से हाथरस वाया अलीगढ़ होते हुए दिल्ली जाने वाली टीएडी पैसेंजर ट्रेन सुबह करीब 08: 50 पर अलीगढ़ स्टेशन से दिल्ली जाने के लिए रवाना हुई। ट्रेन के आईटीआई के पास पहुंचने पर अचानक पहिए जाम हो गए। इस पर कंट्रोलर को सूचना दी गई तो ट्रेन को रोक दिया गया। इसके बाद माैके पर रेलवे के टीएक्सआर विभाग के अनिल कुमार के नेतृत्व वाली टीम, डिप्टी एसएस राजाबाबू, आरपीएफ के एसआई धीरज चाैधरी आदि माैके पर पहुंच गए।
उधर, ट्रेन के रुकने पर यात्री बोगी से नीचे उतर गए। इस बीच ट्रेन में आई खराबी को दूर कर दिया गया। यहां ट्रेन करीब 40 मिनट तक खड़ी रही। इसके बाद ट्रेन को 09: 40 बजे दिल्ली की ओर रवाना कर दिया गया। उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि ट्रेन पहिया जाम हो जाने के कारण रोकी गई थी। तकनीकी खराबी को दूर कराने के बाद उसे गंतव्य को रवाना करा दिया गया।