रोरावर कांड में बाउंड्री निर्माण से जुड़े विवाद को लेकर मंगलवार शाम को दोनों पक्ष एडीएम सिटी से मिले। इस दौरान दोनों ने अपना अपना पक्ष रखा। यहां प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि किसी को माहौल नहीं बिगाडऩे दिया जाएगा। इस पर बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट के मौके पर जाने का फरमान एडीएम सिटी ने सुनाया है।
रोरावर श्मशान के रास्ते में कब्रिस्तान की बाउंड्री लगाने को लेकर बीते दिनों हंगामा शुरू हो गया था। इसी क्रम में रविवार को थाना देहलीगेट पर पूर्व विधायक जमीरउल्लाह से झड़प तक हो गई थी। मंगलवार शाम को इसी विवाद में एक पक्ष की तरफ से भाजपा महानगर अध्यक्ष डा. विवेक सारस्वत की अगुवाई में लोग व दूसरे पक्ष की तरफ से पूर्व विधायक हाजी जमीरउल्लाह के नेतृत्व में लोगों ने एडीएम सिटी से मुलााकात कर अपनी-अपनी बात रखी।
यहां एडीएम सिटी ने दोनों को सुना और तय किया कि अभी वहां प्रशासन के निर्णय तक कोई निर्माण नहीं होगा। अब बुधवार को मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट जाएंगे। एडीएम सिटी मीनू राणा के अनुसार किसी को कानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा। दोनों पक्षों को सुना गया है। जल्द निर्णय लिया जाएगा।