हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट बनवाने के लिए आरटीओ की ओर से नई व्यवस्था कर दी गई है। इस व्यवस्था के माध्यम से लोग घर बैठे एसआईएएम ‘सोसाइटी ऑफ ऑटोमोबाइल मैन्युफैच्कर्स’ वेबसाइट के माध्यम से हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट बनवा सकेंगे। परिवहन विभाग का कंपनी से करार फाइनल हो चुका है। अलीगढ़ में 31 मार्च 2019 तक के करीब 12 लाख वाहन हैं। एक अनुमान के मुताबिक इनमें से करीब एक लाख वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लग गई है। अभी 11 लाख के करीब वाहनों में यह प्लेट लगना बाकी है। परिवहन विभाग जल्द ही पुरानी व्यवस्था पर अमल करने जा रहा है, जिसके तहत बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगे वाहनों का आरटीओ संबंधी कोई भी काम नहीं किया जाएगा। वहीं, मार्च के बाद से ऐसे वाहनों के चालान भी कटना शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
परिवहन विभाग के मुताबिक आरटीओ में किसी भी काम के लिए वाहन पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट अनिवार्य कर दिया था। यह व्यवस्था लागू होने के बाद लोगों ने हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने की जद्दोजहद शुरू कर दी। इस दौरान वाहन मालिक को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा। कहीं अधिक फीस वसूली जा रही थी तो कहीं डीलर्स द्वारा दस्तावेजों के नाम पर परेशान किया जा रहा था। ऐसे में इन तमाम मुश्किलों को देखते हुए शासन ने आरटीओ में काम के लिए हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट की अनिवार्यता समाप्त करते हुए पब्लिक को राहत दे दी थी, लेकिन वाहन पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट तो लगना ही है। ऐसे में आरटीओ ने अब हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट बनाने वाली कंपनी एसआईएएम से करार कर लिया है। इस कंपनी ने सोसाइटी ऑफ ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चर्स वेबसाइट पर एक लिंक दिया है। इसके माध्यम से लोग घर बैठे हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट की बुकिंग कर सकते हैं। अलीगढ़ में सभी कंपनियों के वाहनों के लिए उनके अधिकृत डीलर्स को नंबर प्लेट लगाने की व्यवस्था की गई है। इसमें साफ है कि आवेदक को सिर्फ ऑनलाइन शुल्क ही देना है। इसके अलावा कोई भी अन्य खर्च नहीं देना है।
कस्टमर केयर नंबर पर कर सकते हैं कॉल
आरटीओ और कंपनी के बीच करार के बाद हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के लिए वेबसाइट पर आवेदन करने वालों को विभाग ने सहूलियत दी है। विभाग ने उनके लिए कस्टमर केयर नंबर 18001200201, 9305387662, 8302825503, 93368261111 पर कॉल की सुविधा उपलब्ध कराई है। किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर आवेदक इनमें से किसी भी नंबर पर कॉल कर सकते हैं।
ऐसे कर सकते हैं आवेदन
हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट की बुकिंग के लिए वेबसाइट एसआईएएम वेबसाइट पर दिए बुक मॉय एचएसआरपी लिंक पर क्लिक करें। राज्य, जिले का नाम व वाहन के प्रकार दो पहिया, तिपहिया, चार पहिया या अन्य कामर्शियल वाहन आदि का चयन करते हुए संबंधित वाहन की कंपनी का चयन करें। आवेदन करते समय अपना नाम ई-मेल व मोबाइल नंबर अंकित कर आगे बढ़ें। इसके बाद हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट वीथ कलर स्टीकर के विकल्प का चयन करें। फिर उत्तर प्रदेश राज्य के विकल्प का चयन करें। राज्य चुनाव के बाद कामर्शियल अथवा गैर कामर्शियल वाहन के विकल्प में से अपने वाहन का प्रकार चयन करें। बुकिंग डिटेल के लिए प्रदर्शित आवेदन में जरूरी दस्तावेज, पंजीयन डेट, पंजीयन चिह्न, चेसिस नंबर के लास्ट पांच अंक, इंजन नंबर के अंतिम पांच अंक व वाहन स्वामी से संबंधित अन्य दस्तावेज, जो स्वत: वाहन डाटाबेस से आएंगी। उन्हें पुन: देख लें। इसके बाद डीलर अप्वाइंटमेंट के विकल्प का चयन करें। डीलर के शहर का चयन करते हुए पिनकोड अंकित करें। इसके बाद डीलर में से सुविधानुसार किसी एक का चयन करें। साथ ही सुविधानुसार अप्वाइंटमेंट की तिथि व समय के स्लॉट का चयन कर कंफर्म एंड प्रोसीड पर पर क्लिक करें।
- शासन ने हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट बुकिंग की व्यवस्था फिर से शुरू कर दी है। वाहन स्वामी इसे समय से लगवा लें। ऑनलाइन आवेदन के समय ही कुल राशि का भुगतान करना है, अतिरिक्त कोई भी खर्च नहीं देना है।
. फरीदउद्दीनए, आरटीओ प्रवर्तन अलीगढ़ संभाग