कोहिनूर मंच पर आयोजित रियलिटी शो में प्रस्तुति देती दिपाली वशिष्ठ ।
- फोटो : CITY OFFICE
राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी में बुधवार की रात कोहिनूर मंच पर टैलेंट आईएनसी के कलाकारों ने रियलिटी शो और बॉलीवुड नाइट से दर्शकों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन एडीएम प्रशासन डीपी पॉल ने दीप प्रज्वलित करके किया। सबसे पहले मंच पर कृष्णा डांस एकेडमी के बाल कलाकारों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जिसे दर्शकों की बहुत सराहना मिली। इसके बाद गगन डांस एकेडमी के बाल कलाकारों ने सवेरे सवेरे स्कूल चले हम प्रस्तुति करके देखने वालों का मन मोह लिया। इन्हीं बच्चों ने कहते हैं हमको प्यार से इंडिया वाले प्रस्तुत किया तो पूरा पंडाल तालियों से गूंज उठा। कार्यक्रम में अरब की नृत्य शैली बैली डांस को प्रसिद्ध बैली डांसर दीपाली वशिष्ठ ने प्रस्तुत किया। जिसको बहुत पसंद किया गया। इंडियन आइडल में 4 रनर अप रह चुकी अंकिता मिश्रा ने तेरी दीवानी प्रस्तुत किया तो कोहिनूर पंडाल में माहौल सूफियाना हो गया।
इसके बाद अंकिता मिश्रा ने दिल से रे, तितलियां बरगा आदि गीतों पर अपनी प्रस्तुति दी। अंजूषा शर्मा ने भी पंजाबी गानों को अपने ही अंदाज में प्रस्तुत किया जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। कार्यक्रम का संचालन हरनीत गुगनानी ने किया। इस अवसर पर एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपानी, नुमाइश के प्रधान लिपिक पीयूष साराभाई आदि मौजूद थे।
कोहिनूर मंच पर प्रस्तुति देती गायिका अंकिता मिश्रा ।- फोटो : CITY OFFICE