रविवार दोपहर खैर कोतवाली के शिवाला में गंग नहर में डूबे दीपेश का शव मंगलवार की सुबह करीब नौ बजे इगलास में सासनी रोड स्थित गंगा नहर में मिल गया। उतरा रहे शव को देखकर ग्रामीणों ने सूचना दी तो पुलिस ने पहुंचकर शव पानी से बाहर निकलवाया। खबर पाकर पहुंचे परिजन ने शव की पहचान की।
कोतवाली पुलिस के अनुसार डींग (राजस्थान) के थाना कुमेर के गांव वबैन निवासी दीपेश (18) रविवार को अपने मित्र राकेश निवासी वेनारा कला जनपद डींग के साथ मित्र की ननिहाल गांव खानपुर बाजना थाना नौहझील जिला मथुरा जा रहे थे। रास्ते में खैर कोतवाली के शिवाला गांव स्थित नहर पुल पर पहुंचते ही गंगा नहर में नहाने की योजना बना ली। वहीं पर गाड़ी रोककर राकेश ने गांव मानागढ़ी निवासी अपने एक अन्य मित्र को भी बुला लिया।
राकेश ने सबसे पहले कपड़े उतारकर गंग नहर में छलांग लगा दी। नहाने के दौरान वह नहर के पानी के तेज बहाव में बहकर डूबने लगे। यह देखते ही उन्हें बचाने के लिए दीपेश ने नहर में छलांग लगा दी थी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर मदद के लिए पहुंच गए। उन्होंने किसी तरह राकेश को तो नहर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दीपेश डूब गए थे। तब से गोताखोरों के जरिये पुलिस तलाश में लगी थी।
मंगलवार की सुबह लोगों ने सासनी रोड स्थित गंग नहर के पानी में एक शव उतराने की सूचना दी थी। ग्रामीणों की मदद से शव बाहर निकलवाया गया। शव की पहचान यदुवीर ने अपने छोटे भाई दीपेश के रूप में की। साथ में उनकी मां और मामा आदि भी मौजूद थे। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। -दिनेश कुमार सिसौदिया, कोतवाल, इगलास।