सुरेश राणा ने जिले की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के लिए ब्लू प्रिंट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। कलक्ट्रेट सभागार में अफसरों की क्लास लेते हुए उन्होंने कार्यप्रणाली में सुधार लाने की कड़ी चेतावनी दी। मध्यस्थता करते हुए आनंद एग्रोकैम चीनी मिल के बकायेदार किसानों को जल्द से जल्द भुगतान कराने को कहा।
जाम से निजात दिलाने को अतिक्रमण हटाओ अभियान की कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी को दूर करने को प्राइवेट चिकित्सकों की सेवाएं लेने को कहा। प्रभारी मंत्री ने कहा कि 219 किलोमीटर लंबाई की सड़क के नवीनीकरण कार्य तथा 501 किलोमीटर लंबाई के विशेष मरम्मत कार्यों को भी 15 जून तक पूर्ण करने के लिए ब्लू प्रिंट तैयार किया जाए। ग्रामीण पाइप्ड पेयजल योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के खातों में धनराशि का हस्तांतरण पारदर्शिता से हो।
सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक हर सूरत में पहुंचे। सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जाए। महानगर में जाम की समस्या से निपटने को प्रभावी कार्ययोजना, बरसात से पूर्व नाले-नालियों की सफाई कराने तथा सिंचाई विभाग की अलीगढ़ ड्रेन क्वार्सी बंबे को अतिक्रमण से मुक्त कराने के निर्देश दिए।
मंत्री ने डायल 100 तथा एंटी रोमियो स्क्वायड योजनाओं तथा पुलिस अधिकारियों द्वारा पैदल चलने के कार्यक्रम को बेहतर ढंग से करने को कहा। आईसीयू में सुधार, वेंटिलेटर एवं डायलिसिस की व्यवस्था, पोस्टमार्टम गृह में सुधार, अस्पतालों में सफाई, शव वाहन का प्रचार करने पर जोर दिया। स्लाटर हाउस के मानकों का कड़ाई से पालन तथा अवैध पशु वधशालायें पाये जाने पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। गेहूं क्रय केंद्रों पर घटतौली करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह, सांसद सतीश गौतम, विधायक नगर संजीव राजा, विधायक कोल अनिल पाराशर, विधायक छर्रा रवेंद्रपाल सिंह, विधायक खैर अनूप वाल्मीकि, महापौर शकुंतला भारती, डीएम हृषिकेश भास्कर याशोद, एसएसपी राजेश पांडेय, सीडीओ डीएस सचान आदि मौजूद रहे।