मकान से निकालने का आरोप (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : Social Media
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने पर मकान से निकालने के आरोपों के बाद पुलिस कार्रवाई से घिरे सुल्तान के परिवार का कहना है कि इस मामले को बेवजह भाजपा से जोड़ा गया है, जबकि ऐसी कोई बात नहीं है। सुल्तान की बेटी अर्शी जेएन मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की छात्रा हैं।
अर्शी ने फोन पर बताया कि गुलिस्ताना का परिवार करीब पांच साल से हमारे घर में किराये पर रह रहा है। कभी हमारी अम्मी और अब्बू ने इन्हें अपने से अलग नहीं माना। इनकी दो बेटियों की लंबी बीमारी के चलते मौत हो गई। उस वक्त भी मैंने उनका इलाज अपने प्रयास से जेएन मेडिकल कॉलेज में कराया। इसके बाद इनके आर्थिक हालात कुछ खराब हो गए। हमने उनसे बिजली का बिल भी लेना छोड़ दिया।
मगर गुलिस्ताना ने आठ माह से किराया नहीं दिया। बिजली का बिल भी हमारे ऊपर 15 हजार रुपये बकाया हो गया। इस पर अम्मी ने इनसे जोर देकर कह दिया था कि आप अगर बकाया किराया दे दें तो बिजली का बिल जमा हो जाएगा। इसी पर गुलिस्ताना ने बात का बतंगड़ बना दिया। मोहल्ले के ही एक व्यक्ति ने इन्हें यह सलाह दे दी कि अगर भाजपा की सदस्यता वाला आरोप लगा दोगी तो आपको हर स्तर पर मदद मिल जाएगी। सभी आरोप बेबुनियाद हैं।
एसएसपी आकाश कुलहरि ने कहा कि प्रकरण में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर एनसीआर दर्ज कराई गई है। वहीं आरोपी सुल्तान के बेटे सलमान को हिरासत में लेकर कार्रवाई की गई है।