भाजपा जिला कार्यालय पर हुए विवाद के बाद मेयर प्रत्याशी को लेकर गेंद अब प्रदेश नेतृत्व के पाले में पहुंच गई है। बुधवार को प्रदेश कार्यालय पर प्रदेशाध्यक्ष व महामंत्री संगठन की मौजूदगी में हुई बैठक में महानगर की स्क्रीनिंग कमेटी के पदाधिकारियों से संभावित दावेदारों के नाम ले लिए गए। सभी से तीन-तीन नाम लिए गए हैं। अब उन पर मंथन और केंद्रीय कार्यालय की सहमति के बाद प्रदेश स्तर से फैसला लिया जाएगा।
संकेत मिले हैं कि 21 या 22 अप्रैल को प्रत्याशी घोषित कर दिया जाएगा। इसी तरह पार्षद के लिए महानगर स्क्रीनिंग कमेटी से कल तक पैनल मांगा गया है और जिले की अन्य निकायों से क्षेत्रीय कार्यालय से पैनल मांगा गया है। इसके बाद सभी पदाधिकारी लखनऊ से रवाना हो लिए हैं। भाजपा में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक के दौरान शनिवार को हुए विवाद के बाद मसला लखनऊ तक पहुंच गया था। इसी क्रम में प्रदेश नेतृत्व ने जिले भर के स्क्रीनिंग कमेटी से जुड़े पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को लखनऊ बुलाया। यहां प्रदेश कार्यालय पर प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी व महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह की मौजूदगी में सिर्फ मेयर पद को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान उनकी ओर से कहा गया कि सभी लोग अपनी अपनी पसंद या जानकारी के अनुसार एक पर्ची पर गोपनीय ढंग से तीन-तीन नाम लिखकर दे दें।
इसके बाद एक-एक कर यहां से गए लोगों ने तीन-तीन नाम महामंत्री संगठन के हाथ में थम दिए, जिन्हें वे अपने पास एकत्रित करते चले गए। एक घंटे तक चली इस प्रक्रिया के बाद कहा गया कि अब वे अपने स्तर से नाम घोषित करेंगे। इसमें केंद्रीय कार्यालय की सहमति भी ली जाएगी। यहां तक इशारा किया गया कि उनके पास एक एक आवेदक के विषय में पूरा फीडबैक है। किसी को फीडबैक देने की भी जरूरत नहीं है। हालांकि नाम बेहद गोपनीय रहे हैं, मगर पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार स्क्रीनिंग कमेटी के सदस्यों की ओर से जो नाम दिए गए हैं, उनमें डा.राजीव अग्रवाल, पूनम बजाज, प्रशांत सिंघल, सुमित सराफ, मनोज अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत के नाम सबसे प्रमुख हैं। अब देखना है कि फैसला किसके हक में आएगा।
पार्षद व जिले की निकायों पर अब ये होगी प्रक्रिया
प्रदेश नेतृत्व ने महानगर स्क्रीनिंग कमेटी को पार्षदों का पैनल बनाकर भेजने के निर्देश दिए हैं। यह पैनल बृहस्पतिवार तक मांगा है और महानगर पर ही बैठक करनी है। इसमें प्रदेश से भी कोई पदाधिकारी शामिल हो सकते हैं। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। बृहस्पतिवार को बैठक कर पैनल बनाकर भेज दिया जाएगा। संकेत हैं कि 21 अप्रैल को पार्षद प्रत्याशी घोषित कर दिए जाएंगे। इसी तरह जिले की अन्य निकायों का जो पैनल बना है और बरौली की सीटों पर जो विवाद है, उनमें सभी जनप्रतिनिधियों से एक-एक नाम लेकर जिलाध्यक्ष व जिला प्रभारी बृहस्पतिवार को ही क्षेत्र कार्यालय पर क्षेत्रीय अध्यक्ष के साथ बैठेंगे।
वहां पैनल फाइनल कर प्रदेश कार्यालय को भेज देंगे और प्रदेश नेतृत्व उन पैनलों में से प्रत्याशी घोषित कर देगा। इस दौरान चर्चा में कहा गया है कि सभी लोग अब चुनाव में जुट जाएं। प्रत्याशी अगले दो से तीन दिन में घोषित कर दिए जाएंगे। इसमें बरौली की पंचायतों पर सांसद व विधायक से एक-एक नाम जिलाध्यक्ष को देने को कहा गया है।