जिला पुलिस- प्रशासन शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त बनाने को हरसंभव प्रयास कर रहा है, फिर भी गांधीपार्क बस स्टैंड से लेकर रसलगंज चौराहे एवं दुबे का पड़ाव चौराहे तक दिन-रात जाम के हालात बने रहते हैं। इसका प्रमुख कारण बस स्टैंड के बाहर आड़ी-तिरछी खड़ी रहने वाली रोडवेज बसें हैं। इन बसों का स्टाफ बस स्टैंड के अंदर जाकर सवारियां बिठाने एवं उतारने की बजाए सड़क पर ही खड़े होकर ही उन्हें बिठाने एवं उतारने का कार्य करता है। इससे यहां हर वक्त जाम लगा रहता है।
बस स्टैंड के बाहर बसें खड़ी करना प्रतिबंधित
गांधीपार्क बस स्टैंड एवं चौराहे पर हर वक्त रहने वाले जाम से निजात दिलाने को डीएम ने यहां सड़क पर रोडवेज बसों को खड़ा करना प्रतिबंधित कर रखा है। इसके बाद भी यहां दिन-भर बसें खड़ी रहती हैं। चालक-परिचालक भी बसों को स्टैंड के अंदर ले जाने की बजाए सड़क पर ही सवारियों को चढ़ाने एवं उतारने के बाद अपने गंतव्य को रवाना हो जाते हैं। ऐसा होने से रोड पर जाम लगा रहता है। इतना ही नहीं आस-पास के होटल एवं दुकानदारों का काम-धंधा भी इससे प्रभावित हो रहा है।
लाइलाज हो गया है जाम
शहर में जाम लाइलाज बन चुका है। खासकर रसलगंज चौराहे से लेकर गांधीपार्क चौराहा, दुबे का पड़ाव, आगरा रोड पर हाथरस अड्डे तक दिन-रात जाम लगा रहता है। इसमें सबसे बड़ा योगदान रोडवेज बसों का है। इसके बाद सड़क पर खड़े रहने वाले ऑटो एवं ई-रिक्शा जाम का कारण बन रहे हैं। यह हाल तब है जब गांधीपार्क चौराहे पर दिन भर यातायात पुलिस कर्मी एवं रोडवेज चौकी का पुलिस स्टाफ तैनात रहता है। दुबे का पड़ाव पर भी यातायात पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं। बावजूद फिर भी यहां जाम लगा रहता है।
- अतुल कुमार, गांधीपार्क
जाम लगा रही लापरवाही
गांधीपार्क बस स्टैंड के सामने से दिन भर तमाम विभागीय अफसरों के साथ ही जनप्रतिनिधियों की आवाजाही बनी रहती है। इसके बाद भी यहां दिन-रात रहने वाले जाम से निजात दिलाने को अब तक कोई ठोस कार्ययोजना नहीं बन सकी है। कई बार जाम में जिला अस्पताल जाने वाले मरीजों की जान पर बन आती है। जब तक अस्पताल पहुंचते है तब तक देर हो जाती है।
-आशुतोष शर्मा, टीकाराम कॉलोनी
बस चालकों एवं परिचालकों को साफ निर्देश हैं कि वे यात्रियों को बस स्टैंड के अंदर ही उतारे एवं चढ़ाएं। स्टैंड पर इसके लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई है। यदि वे ऐसा नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- सत्येंद्र वर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज, अलीगढ़ परिक्षेत्र
गांधीपार्क चौराहे के आसपास तैनात रहने वाले ट्रैफिक कर्मी दिन भर रोडवेज बसों को सड़क से हटवाते रहते हैं। कई बार समझाने पर भी न मानने पर चालान, जुर्माने आदि की कार्रवाई की जाती है। यहां लगने वाले जाम का स्थायी निदान खोजा जा रहा है।
-कुलदीप गुनावत, पुलिस अधीक्षक नगर