कार्यालय में सीएमओं से वार्ता करते भाजपा के पदाधिकारी
- फोटो : संवाद
भाजपा के मंडल अध्यक्ष विशाल चौधरी के खिलाफ सीएसची में घुसकर तोड़फोड़ का मुकदमा दर्ज होने से नाराज भाजपाइयों ने 3 नवंबर को सीएमओ के कार्यालय पहुंच कर डेढ़ घंटे तक नारेबाजी की और हंगामा किया। सीएमओ डॉ. नीरज त्यागी से जमकर नोकझोंक भी हुई। भाजपा नेता गोंडा सीएचसी के चिकित्साधीक्षक पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। हंगामा बढ़ने पर सीएमओ ने चिकित्साधीक्षक को हटा दिया।
3 नवंबर को भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) जिलाध्यक्ष धर्मवीर लोधी के साथ 20-25 कार्यकर्ता सीएमओ कार्यालय पहुंचे। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि 16 अक्तूबर को गोंडा सीएचसी पर मरीज को दिखाने के लिए सीएचसी पहुंचे तो वहां कोई चिकित्सक नहीं मिला। डॉ. नितिन के आवास पर गए तो वह आपत्तिजनक स्थिति में पड़े मिले। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।
इस मामले में विभाग की ओर से प्रारंभिक जांच में भाजपा के एक स्थानीय नेता को भी वीडियो से जोड़ा गया। जिसके आधार पर उनके मंडल अध्यक्ष विशाल चौधरी खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। हंगामे को देखते हुए सीएमओ ने गोंडा अधीक्षक को हटाकर खैर के शिवाला पीएचसी पर तैनात डॉ. विकास गुप्ता को गोंडा सीएचसी अधीक्षक के पद पर तैनात कर दिया है। यह फेरबदल तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
16 अक्तूबर को ही अधीक्षक के वीडियो को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन विभाग ने केवल भाजपा नेता पर मुकदमा ठोक दिया, जबकि असली आरोपी अधीक्षक पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। यह पक्षपातपूर्ण रवैया असहनीय है। - धर्मवीर लोधी, जिलाध्यक्ष, भाजयुमो
इमरजेंसी में अस्पताल पहुंचे मरीज का उपचार न करना चिकित्सकीय मर्यादा के खिलाफ है। इस कारण सीएचसी अधीक्षक को तत्काल हटा दिया गया है। उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक को पत्र भेज दिया गया है। - डॉ. नीरज त्यागी, सीएमओ