पंचायत चुनाव के पहले भाजपा की हर जाति, समूह एवं धर्म के मतदाताओं तक पहुंचने की योजना है। साथ ही जिला पंचायत के 47 वार्ड एवं 870 ग्राम सभाओं में चौपाल लगाकर जनपद को पंचायत चुनाव के रंग में रंगने की तैयारी चल रही है।
खैर बाईपास रोड स्थित मनोहर वाटिका में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों की समीक्षा जिला प्रभारी श्रीचंद्र शर्मा की मौजूदगी में हुई। 25, 26 एवं 27 फरवरी को जिला पंचायत के सभी 47 वार्डों में बैठक की जाएगी। 1 से 5 मार्च के बीच 870 ग्राम सभाओं में बैठक एवं 10 से 18 मार्च के बीच ग्राम सभाओं में चौपाल लगाने की योजना है।
जिला प्रभारी श्रीचंद शर्मा ने कहा कि भाजपा पंचायत चुनाव गंभीरतापूर्वक लड़ाएगी। चौपाल में केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी जनता को दी जाएगी। जिलाध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल सिंह ने कहा कि कर्मठ कार्यकर्ताओं को ही पार्टी समर्थित उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ाएगी। संयोजक चौधरी नत्थी सिंह ने प्रत्येक वार्ड प्रभारी एवं वार्ड संयोजक के कार्यों की समीक्षा की। शिवनारायण शर्मा ने संचालन किया। मंच पर अनीता जैन, राजीव शर्मा, डॉ. गोपाल माहेश्वरी आदि मौजूद थे।
मंडल अध्यक्ष पर मुकदमा से कार्यकर्ताओं में आक्रोश
बिजौली मंडल के अध्यक्ष चोब सिंह पर अनुसूचित जाति एवं जनजाति एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज हुआ है। समीक्षा बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने इसे फर्जी मुकदमा बताकर आक्रोश व्यक्त किया। भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी ऋषिपाल सिंह ने आश्वासन दिया कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। इस विषय पर प्रशासन से बात चल रही है।