अब जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र में महीनों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अलीगढ़ नगर निगम के काउंटर से सीधे ऑनलाइन आवेदन होगा। आवेदन करने व प्रमाण पत्र निर्गत होने पर एसएमएस के माध्यम से भी आवेदक को सूचना मिलेगी।
अलीगढ़ नगर निगम से अब 15 दिन में जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकेंगे। पहले कई-कई महीने लग जाते थे। नगर आयुक्त ने व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए ऑफलाइन आवेदन की प्रक्रिया बंद कर सीआरएस पोर्टल पर आवेदन कर उसे रसीद देने का आदेश दिया है।
विज्ञापन
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने बताया कि बच्चे के जन्म या किसी की मृत्यु के 30 दिन के अंदर आवेदन करने पर 15 दिन में प्रमाण पत्र जारी हो जाएगा। नई व्यवस्था से आवेदक लॉगइन आईडी से ट्रैक भी कर सकेगा। आवेदन करने व प्रमाण पत्र निर्गत होने पर एसएमएस के माध्यम से भी आवेदक को सूचना मिलेगी।
एसीएम और सीएमओ स्तर पर भेजे जाने वाले आवेदन प्रपत्रों को क्रम संख्या के अनुसार भेजा जाएगा और वापस भी क्रम संख्या के अनुसार मंगाया जाएगा। संबंधित एसएफआई की रिपोर्ट लगाने के लिए सभी जोन के प्रपत्र सीधे नगर स्वास्थ्य अधिकारी के पास जाएंगे। वहां से संबंधित एसएफआई को वितरित किए जाएंगे। एसएफआई को सात दिन में रिपोर्ट लगाकर आवेदन पत्र को भेजना होगा। इसमें लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।