गांव हकीमगढ़ी के पास शुक्रवार की रात करीब पौने 11 बजे बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन टक्कर मारकर निकल गया। हादसे में युवक की मौके पर मौत हो गई।
जलाली चौकी क्षेत्र के गांव महमूदपुर के मजरा नगला बंजारा निवासी मुकेश ने बताया कि उनके दो बेटे और एक बेटी में सबसे छोटा बेटा अजीत (21) शुक्रवार की शाम बाइक से घरेलू काम से पनेठी गया था। वहां से देर रात लौटते समय करीब पौने 11 बजे गांव हकीमगढ़ी के समीप अज्ञात वाहन टक्कर मारकर निकल गया।
सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने युवक के मोबाइल पर आ रही कॉल पर बात की तो पता चला कि परिजन ही कॉल कर रहे थे, इस पर हादसे की खबर उन्हें देते हुए एंबुलेंस के जरिये उसे पंडित दीनदयाल संयुक्त जिला अस्पताल भेजा जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत से पिता मुकेश, मां गीता देवी और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल था। चौकी प्रभारी जितेंद्र राणा ने बताया कि युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। परिजन ने अभी तहरीर भी नहीं दी है।