गोंडा-खैर मार्ग पर गांव नयावास के समीप स्कूली बस ने मार्ग पर खड़ी रोडवेज बस को ओवरटेक किया, इस बीच सामने से आ रहा करन बाइक सहित बस की चपेट में आ गया। बस का पहिया करन के सिर के ऊपर से गुजर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को देख वहां मौजूद ग्रामीण दौडे तो बस चालक मौके से भाग गया। इस टक्कर के दौरान बस में सवार बच्चे सहम गए। मृतक के सिर के मांस के टुकडों को पुलिस ने बोरे में रखा। इधर, मृतक के परिजनों को सूचना मिली तो वे रोते-बिलखते वहां पहुंचे। पुलिस ने वाहनों को कब्जे में ले लिया।
मां ने किया फोन तो हुई पहचान
मृतक करन ने बाइक पर हेलमेट का प्रयोग नहीं किया था, जो उसकी मौत का कारण बना। जिस बाइक को करन चला रहा था, उसके नए होने के कारण उस पर नंबर प्लेट नहीं थी। न ही करन के पास कोई दस्तावेज था। घटना के तुरंत बाद ग्रामीण उसकी पहचान करने के प्रयास में जुटे तो उसकी जेब से मोबाइल मिला, लेकिन उसमें लॉक लगा था। थोडी ही देर बाद उसके मोबाइल पर उसकी मां का फोन आया। मां ने बेटे का नाम पुकारते हुए उससे वापस लौटने के बारे में पूछा, लेकिन उसको नहीं पता था कि करन अब बहुत दूर जा चुका है। इसके बाद उसकी पहचान हुई।