बाइक के सामने अचानक साइकिल सवार आ गया। उसे बचाने के चक्कर में बाइक एक कार में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार पिता की मौत हो गई और उसके दोनों बच्चे घायल हो गए। परिवार में मातम छा गया।
अलीगढ़ के महुआ खेड़ा क्षेत्र में जीटी रोड स्थित बौनेर तिराहे के पास 14 अगस्त को दुर्घटना में घायल बाइक सवार किसान की मौत हो गई। बाइक पर सवार किसान के दो बच्चे घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
हरदुआगंज के गांव प्रह्लादपुर के 30 वर्षीय किसान सुरेश 14 अगस्त दोपहर को अपने बेटे विवेक व बेटी अंशू को बाइक पर लेकर आधार कार्ड अपडेट कराने शहर आ रहे थे। बौनेर तिराहे से एटा चुंगी की ओर आते वक्त अचानक उनकी बाइक के सामने साइकिल सवार आ गया। उसे बचाने के फेर में उनकी बाइक कार में जा घुसी।
दुर्घटना में सुरेश व दोनों बच्चे घायल हो गए। इलाज के दौरान पिता सुरेश की मौत हो गई। कार चालक कार लेकर भाग गया। इधर, इस सूचना पर आईं सुरेश की पत्नी प्रेमलता व अन्य बच्चों का हाल बेहाल है। एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक के अनुसार मामले में तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।