आज दीपावली है। हर घर में गणेश लक्ष्मी की पूजा की तैयारी चल रही है। शनिवार को छोटी दीपावली वाले दिन दीये, खील बताशे, खिलौने, फल मालाओं से लेकर सोना चांदी, कपड़े, सजावट के सामानों की जमकर खरीद हुई। इससे बाजारों में लंबे समय बाद रौनक नजर आई। हालांकि कुशल ट्रैफिक इंतजाम के चलते हर बार रहने वाली ट्रैफिक की समस्या इस बार कम दिखाई दी।
दीपावली पर मिट्टी के दीये सर्वाधिक महत्वपूर्ण माने जाते हैं। लेकिन इस बार ईको फ्रेंडली दीपावली के शोर में इन दीयों की डिमांड कुछ ज्यादा ही रही। लोग चाइनीज दीयों के बजाय इन दीयों की खरीददारी में ज्यादा रुचि लेते देखे गए। शनिवार को सेंटर प्वाइंट, रामघाट रोड, दुबे का पड़ाव, रेलवे रोड, कनवरीगंज, महावीर गंज, फूल चौराहा, मामू भांजा, बारहद्वारी, सराय हकीम, आगरा रोड, मदारगेट, अचल ताल, नौरंगीलाल, क्वारसी समेत शहर के प्रमुख क्षेत्रों में सजे धजे बाजारों में ग्राहकों की जबर्दस्त भीड़ रही। मामू भांजा में रंग बिरंगी झालराें की जबर्दस्त डिमांड रही। फूल चौराहा और आगरा रोड पर फूल कारोबारियों को दम मारने की फुर्सत नहीं मिली। आज दीपावली के अवसर पर भी लाखों के फूल कारोबार की उम्मींद है। सजावट के सामान के साथ पर्दे, चादर, कंबल, तौलिये आदि भी खूब बिके। कुछ बड़े व्यवसायी अपने कर्मचारियों को उपहार में देने के लिए थोक में कंबल खरीदते देखे गए। इसके अलावा पेंट शर्ट व अन्य कपड़े खरीदने के लिए ग्राहक देर रात तक दुकानों पर जमे रहे। रेलवे रोड के स्टोर संचालक संजय अग्रवाल ने बताया कि दीपावली पर कपड़ों की जमकर खरीददारी हुई। व्यवसायी डा.संजय सिंघल ने बताया कि दीपावली पर बाजार में रौनक रही। स्वर्ण व्यवसायियों के यहां भी देर रात तक भीड़ लगी रही।
मिठाई व ड्राई फ्रूट्स की जमकर बिक्री
दीपावली पर मिठाई का कारोबार भी जमकर उछला। लोगों ने डायबिटीज समेत अन्य बीमारियों के भय को दरकिनार कर जमकर मिठाईयों की खरीद की। हालांकि शुगर फ्री मिठाई भी खूब बिकी। बड़े व्यवसायी एवं नेतागण अपने शुभचिंतकों को उपहार में देने के लिए जमकर मिठाई खरीदते नजर आए। इसके साथ ही ड्राई फ्रूट्स व ब्रांडेड कंपनियों के नमकीन एवं बिस्कुटों के गिफ्ट पैकेट भी खूब बिके। चाकलेट के बड़े पैकेटों की भी खूब डिमांड रही। जानकारों के मुताबिक दीपावली के पूजन तक इन वस्तुओं का करोड़ों का कारोबार होने की उम्मींद है।
इलेक्ट्रॉनिक आइटम की भी रही डिमांड
छोटी दीपावली के अवसर पर बाजार में इलेक्ट्रॉनिक आइटम की भी काफी डिमांड रही। लोगों ने एलईडी, होम थियेटर, वाशिंग मशीन, फ्रिज, माइक्रोबेव, ओवन, मोबाइल, टैबलेट आदि की भी बिक्री हुई। रेलवे रोड, मामू बांजा, सेंटर प्वाइंटर स्थित दुकानों तथा शोरूम में लोग खरीदारी करते दिखे।
रामघाट रोड़ पर दीपावली पर घर को सजाने के लिये खरीददारी करती महिलाएं।- फोटो : CITY OFFICE
नुमाइश मैदान में लगी दुकानों पर आतिशबाजी की खरीदारी करते लोग।- फोटो : CITY OFFICE