भारत बंद के दौरान किसानों को समर्थन देते हुए भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को रेलवे जंक्शन के बाहर मधोपुरा तिराहा पर सरकार का पुतला फूंक दिया। बिना अनुमति पुतला फूंकने और कोरोना गाइड लाइन का उल्लंघन करने पर थाना सिविल लाइंस पुलिस ने सात नामजद सहित 20 से अधिक अज्ञात कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज किया है। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस रविंद्र कुमार दुबे ने बताया कि पुलिस पार्टी की ओर से यह मुकदमा दर्ज किया गया है।
इधर, दूसरा मुकदमा टप्पल थाने में किसानों के विरुद्ध दर्ज किया गया है। टप्पल एक्सचेंज पर किसान बिना प्रशासन की अनुमति के भीड़ जुटाकर कोरोना गाइड लाइन का उल्लंघन किया था। एसपी देहात ने टप्पल में मुकदमा दर्ज किए जाने की पुष्टि की है।