खैर तहसील के गांव नारायणपुर में भाजपा सांसद एवं विधायक के सामने कुछ लोगों ने भारतीय किसान यूनियन जिंदाबाद के नारे लगाए। सांसद एवं विधायक बिना कोई प्रतिक्रिया दिए चुपचाप वहां से चले आए। सांसद सतीश गौतम एवं खैर विधान सभा क्षेत्र के विधायक अनूप प्रधान रविवार को एक कार्यकर्ता के घर गए थे। कुछ दिन पहले बुजुर्ग कार्यकर्ता की मृत्यु हो गई थी।
गमी से लौट रहे सांसद-विधायक के सामने कुछ लोग भारतीय किसान यूनियन जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। इससे संबंधित दो वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुए हैं। एक वीडियो में सांसद-विधायक के पहुंचने के पहले कुछ लोग बातचीत कर रहे है। उसमें इगलास से भाजपा विधायक राजकुमार सहयोगी के विरोध की चर्चा हो रही है।
सांसद एवं विधायक की गैर मौजूदगी में लोग भाजपा मुर्दाबाद, किसान यूनियन जिंदाबाद, टिकैत जिंदाबाद एवं किसान एकता जिंदाबाद के नारे लगाते दिख रहे हैं। दूसरे वीडियो में सांसद एवं विधायक के पहुंचने पर लोग भारतीय किसान यूनियन जिंदाबाद के नारे लगाते दिख रहे हैं। विधायक अनूप प्रधान का कहना है कि वे लोग नारायणपुर गांव में एक गमी में गए थे। कोई अपने घर के पास जिंदाबाद के नारे लगाए तो हमसे क्या मतलब है। सांसद सतीश गौतम का कहना है कि कुछ लोग किसान एकता जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। भाजपा के विरोध में नारे नहीं लगा रहे थे।