राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में ऐसे बुजुर्ग स्वयंसेवकों की भी बड़ी संख्या है, जिन्होंने संघर्ष का समय देखा है। शासन स्तर पर प्रतिकूल परिस्थिति और आर्थिक संकट को झेलते संघ के लिए कार्य किया। जेल भी गए तथा पुलिस का उत्पीड़न भी सहा। ब्रज प्रांत के ऐसे स्वयंसेवक संघ प्रमुख से मिल सकते हैं। बताया जा रहा है कि इसके लिए ऐसे स्वयंसेवकों की सूची बनाई जा रही है जिनकी संघ प्रमुख से भेंट होगी। सह प्रांत प्रचार प्रमुख कीर्ति कुमार ने बताया कि संघ प्रमुख के आगमन को लेकर तैयारियां जारी हैं। कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की भी सर संघचालक से भेंट हो सकती है।
एटा में आरएसएस की बैठक आज से
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ब्रज प्रांत की बैठक रविवार को एटा में होगी, जिसमें ब्रज प्रांत के अलीगढ़, आगरा और बरेली मंडल के जिलों के संघ के पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक दो दिन चलेगी। बताया जा रहा है कि संघ ही हाल ही में बंगलूरू में हुई प्रतिनिधि सभा की बैठक में लिए गए निर्णय की जानकारी पदाधिकारियों को दी जाएगी। इसके अलावा ब्रज प्रांत में चल रही संघ की गतिविधियों के डाटा एकत्र किया जाएगा, जिसे अलीगढ़ में 17 से 21 अप्रैल तक होने वाले संघ प्रमुख मोहन भागवत के प्रवास के दौरान प्रस्तुत किया जाएगा। संघ के सह प्रांत प्रचार प्रमुख कीर्ति कुमार ने बताया कि बैठक में ब्रज प्रांत के सभी मुख्य पदाधिकारी शामिल होंगे।