गुजरात के सूरत में शहरीकरण सम्मेलन में पुरस्कार ग्रहण करते नगर आयुक्त गौरांग राठी।
- फोटो : CITY OFFICE
गुजरात के सूरत शहर में आयोजित स्मार्ट सिटी स्मार्ट शहरीकरण सम्मेलन में उत्तर प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ स्मार्ट राज्य के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, नगर आयुक्त गौैरांग राठी को वाराणसी स्मार्ट सिटी में नेतृत्व एवं योगदान के लिए तीन पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
अमृत महोत्सव के अंतर्गत सूरत में 18 से 20 अप्रैल के बीच सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें इंडिया स्मार्ट सिटीज अवार्ड्स कॉन्टेस्ट 2020 के विजेता को सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी स्मार्ट सिटी में नेतृत्व एवं योगदान के लिए नगर आयुक्त गौरांग राठी को तीन पुरस्कार प्रदान किए गए। राठी ने सर्वश्रेष्ठ स्मार्ट राज्य का पुरस्कार केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी से प्राप्त किया। तीन पुरस्कार प्राप्त कर गौरांग राठी स्टार सीईओ बने। सम्मेलन में अलीगढ़ स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक मोहम्मद सलीम, एजीएम एमडी वारिस, परियोजना प्रबंधक अभिषेक ओझा, सहायक प्रबंधक अकील अहमद, पीआरओ ओमैर इफ्तिखार नकवी आदि शामिल हुए।
वाराणसी की तरह अलीगढ़ के विकास का कर रहा हूं प्रयास
नगर आयुक्त गौरांग राठी ने कहा कि इस सम्मान के लिए नगर निगम वाराणसी के सभी साथियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों एवं स्मार्ट सिटी टीम को बधाई देता हूं। सभी के सहयोग से यह संभव हुआ। अब वाराणसी की तरह अलीगढ़ स्मार्ट सिटी को प्रगति के पथ पर अग्रसर करने का प्रयास कर रहा हूं।