नया साल 2023 के आगमन में अब चंद दिन ही बचे हैं। साल का आखिरी महीना आते ही लोग नये साल की स्वागत की तैयारियों में लग गए हैं। कोरोना के चलते करीब दो साल से लोग नये साल पर कहीं घूमने नहीं जा सके थे। लेकिन अब किसी तरह की बंदिश भी नहीं है। इस बार लोगों में नये साल व क्रिसमस पर सैर-सपाटे के लिए खासा उत्साह है। बड़ी संख्या में जिले के लोग दोस्तों और परिवार के साथ दूसरे शहरों में घूमनेे जा रहे हैं। कई युवा विदेश में जाकर न्यू ईयर सेलेब्रेशन के लिए फ्लाइट बुकिंग करा रहे हैं।
यहां घूमने के लिए जाएंगे जिले के लोग :
अधिकतर लोगों ने दिल्ली, मुंबई, गोवा, कोलकाता, विशाखापट्टनम, हैदराबाद, केरल, राजस्थान के उदयपुर, जोधपुर, जैसलमेर, जयपुर और बीकानेर, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, मनाली, ओडिशा राज्य के भुवनेश्वर, कटक, जगन्नाथपुरी धाम, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश के अमर कंटक आदि पर्यटन स्थलों पर घूमने का प्लान तैयार कर लिया है। इतना ही नहीं तिरुपति बालाजी मंदिर, शिरडी, वैष्णों देवी, खाटू श्याम, बालाजी, उत्तराखंड, मथुरा-वृंदावन जैसे धार्मिक स्थलों पर भी जिले को लोग नये साल पर दर्शन करने के लिए जाएंगे।
ट्रेनों में नहीं मिल रही जगह
लोगों ने घूमने के लिए ट्रेनों में बुकिंग कराना शुरू कर दिया है। हालत यह है कि अभी से ट्रेनों में वेटिंग की स्थिति शुरू हो चुकी है। अधिकांश ट्रेनों में रिजर्वेशन मिलना मुश्किल हो गया है। वेटिंग लिस्ट इतनी लंबी हो गई है कि रिजर्वेशन कंफर्म होने की गुंजाइश नहीं है। दिल्ली, मुंबई, पुणे एवं कोलकाता सहित अन्य महानगरों में जाने के लिए ट्रेनों में सीट उपलब्ध नहीं है। अब लोग ट्रेवल एजेंसी और निजी वाहनों की मदद ले रहे हैं। इससे उन्हें अधिक बजट भी खर्च करना पड़ रहा है।
ट्रेवल बुकिंग एजेंसी दे रहीं आकर्षक पैकेज
नए साल के शहर की ट्रेवल्स एजेंसी और बुकिंग सेंटरों पर टूर पर जाने वालों को उनके बजट के अनुसार आकर्षक पैकेज भी दिए जा रहे हैं। शहर के अपार्टमेंट और कॉलोनी में रहने वाले लोग संयुक्त रूप से घूमने का प्लान बना रहे हैं। इससे एक तो मस्ती करने का मौका मिलता है दूसरा टूर का पैकेज भी काफी सस्ता पड़ता है।
युवाओं में बढ़ रहा विदेश जाने का क्रेज
नए साल पर युवा वर्ग का खासा क्रेज विदेश जाने का टूर है। युवा वर्ग की पहली पसंद में बैंकॉक, मलेशिया, दुबई, थाईलैंड, सिंगापुर, नेपाल, भूटान, वियतनाम, टर्की आदि देश शामिल हैं।
लोग बोले
नये साल पर परिवार के साथ हरिद्वार समेत और भी जगहों पर जाने की तैयारियां चल रही है। इसके लिए टूर एंड ट्रेवल्स के जरिए बुकिंग करा रहे हैं।
- शशि शर्मा, आरके पुरम
नए साल पर बाहर जाने का प्लान चल रहा है। पूरे परिवार के साथ इस बार घूमने जाने की तैयारी चल रही है। दो साल से कहीं घूमने नहीं जा पा रहे थे।
- अमित शर्मा, घनश्यामपुरी
नए साल पर इस बार परिवार के साथ खाटू श्याम जाने की तैयारी कर ली है। कोरोना के चलते पहले नहीं जा सके थे।
- सुनीता वार्ष्णेय, गूलर रोड
नए साल पर इस बार दोस्तों के साथ विदेश जाने का प्रोग्राम बना रहे हैं। इस बार खूब मस्ती करेंगे।
- ऋषभ गर्ग, लेखराज नगर
टूर एंड ट्रेवल्स बुकिंग एजेंट बोले
बुकिंग आ रही हैं लोग परिवार के साथ घूमने के लिए वैष्णोदेवी, हरिद्वार, ऋषिकेश, बालाजी, मथुरा-वृंदावन आदि जगहों पर जाने के लिए टिकट बुक रहा हैं। कई एडवांस बुकिंग हो चुकी हैं।
- गौरव सैनी, पाखी टूर एंड ट्रेवल्स, श्याम नगर
नए साल पर अधिकांश लोग धार्मिक स्थलों सालासर बालाजी, खाटू श्याम, नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश के अलावा मसूरी, शिमला आदि की बुकिंग करा रहे हैं।
- मनमोहन शर्मा, मोहन टूर एंड ट्रेवल्स सासनीगेट
गौरव सैनी- पाखी टूर एंड ट्रैवर्ल्स श्याम नगर ।- फोटो : CITY OFFICE