नगर पंचायत कौड़ियागंज जिले की पुरानी नगर पंचायत में शुमार है लेकिन यहां आज भी बिजली,पानी, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। काली नदी पर पुल की मांग सपना बनी हुई है। नई बस्तियों में नाली खड़ंजा व पाइप लाइन नहीं हैं।
कौडियागंज की सबसे बड़ी समस्या काली नदी पर पुल का नहीं होना है। नदी पर पुल नहीं होने के चलते नदी पार के रहने के लिए गांव आजादपुर, खंडूपुरा, कांती नगला, चांदगढ़ी, अलहदादपुर, परौरा सावंती नगला, दतावली आदि गांवों के लोगों बाजार आने-जाने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ता है। नदी पार करते समय ग्रामीणों को जान-माल का भी खतरा भी बना रहता है। इसी के कारण अधिकतर ग्रामीण बाजार करने छर्रा चले जाते हैं। व्यापारियों का कहना है कि जब नगर पंचायत चेयरमैन का चुनाव होता है तो हर एक प्रत्याशी के घोषणा पत्र में काली नदी पर पुल बनवाना शामिल रहता है। पर पुल आज तक नहीं बन पाया है। वहीं मंडी स्थापित में देरी होने से लोगों के व्यापार पर असर पड़ रहा है। इस संबंध में चेयरमैन प्रतिनिधि कुलदीप सिंह लोधी का कहना है कि नगर पंचायत की ओर से क्षेत्रीय विधायक एवं सांसद से नदी पर पुल का निर्माण कराने की मांग की गई है, जहां से आश्वासन मिला है कि वर्ष 2026 में नदी पर पुल बनवाने का प्रयास किया जाएगा।
बरातघर हो चुके है खंडहर
वार्ड नंबर चार के नगला रामपुर एवं वार्ड नंबर आठ में बने दोनों बरातघर खंडहर में तब्दील हो चुके हैं। कस्बा में मुख्य बाजार की सड़क उखड़ गई है। अतिक्रमण से जाम की स्थिति बनी रहती है। पेयजल के लिए लगाए गए वाटर कूलर के साथ सरकारी हैंडपंप खराब पड़े हैं। चेयरमैन के घर के पास गली में बीचों बीच सड़क पर रखा विद्युत ट्रांसफार्मर लोगों के लिए मुसीबत बना हुआ है।
अधर में लटका अमृत सरोवर का विकास
नगर पंचायत के वार्ड नंबर नौ में स्थित अमृत सरोवर में नालियों का गंदा पानी भरा रहता है। सरोवर के किनारे चारों ओर कराई गई इंटरलॉकिंग सड़क जगह-जगह बैठ गई है। आसपास घनी आबादी के चलते कूड़े की भरमार रहती है। जल निकासी की कोई सुविधा नहीं है।
वर्जन
नगला रामपुर व मुस्लिम बस्ती में बने बरातघर की इमारत पुरानी हो चुकी हैं। लोग मांग करते हैं तो पुनः चेयरमैन से बात कर नया प्रस्ताव बनवाकर भेजा जाएगा, रोशनी के लिए पूरे नगर में स्ट्रीट लाइटें लगी हुई हैं, अमृत सरोवर की किस्त आने पर कार्य पूरा करा दिया जाएगा। नई बस्तियों में होने वाली समस्याएं उनके संज्ञान में नहीं हैं। जांच-पड़ताल कर लोगों को समस्याओं से निजात दिलाने का प्रयास किया जाएगा। ब्रजेंद्र चौधरी, ईओ कौड़ियागंज
कौड़ियागंज एक नजर में
आबादी 15000
मकान 2135
वार्ड 11
मोहल्ले 20
स्ट्रीट लाइट 328
टैंक-ओवरहेड 6
जलकर कनैक्शन 550
कस्बा के लोगों की पीड़ा
-बरातघर खंडहर होने से लोगों को विवाह शादियां करने में परेशानी होती है। इसकी समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। भगवान देवी
-नगला में पानी का संकट रहता है, यहां पर नई पाइप लाइन बिछनी चाहिए, जिससे लोगों को घरों तक जलापूर्ति मिले। मानवती देवी
-बरातघर की खंडहर होने से लोग परेशान है, इस मांग को लेकर कई बार शिकायत दे चुके हैं पर कोई सुनवाई नहीं होती। मुकेश कुमार
-नगला रामपुर में पाइप लाइन नहीं है। हैंडपंप भी खराब पड़े हैं। लोग अपने घरों में लगे निजी नलकूप से ही काम चला रहे हैं। बाबू सिंह
-बड़े लोग तो मैरिज होम में शादी कर लेते हैं। गरीब लोगों को बरातघर खंडहर होने के कारण समारोह कराने में दिक्कत होती है। बशीर खां
-गलियों में स्ट्रीट लाइट तो लगीं हैं पर वह कुछ दिन जलने के बाद खराब हो गईं। इसके बाद किसी ने इन्हें ठीक नहीं कराया गया है। रफीक
-बाजार से कोई वाहन निकलता है तो उखड़ी सड़क से कंकड़ उछलकर दुकानों तक पहुंच जाते हैं, सभी को खतरा बना रहता है। हिमांशु वार्ष्णेय
-मुख्य सड़क उखड़ने से पूरे दिन बाजार में धूल उड़ती रहती है। दुकानदारों के साथ आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। राधेश्याम सोनी