बैंक हड़ताल से करीब 500 करोड़ का कारोबार प्रभावित
- फोटो : रुपेश
अलीगढ़ में बैंकिंग सेक्टर पर हड़ताल का व्यापक असर देखा गया। एसबीआई एवं प्राइवेट बैंकों को छोड़कर अन्य बैंकों में कामकाज या तो ठप रहे या नाम के काम हुए। करीब पांच सौ करोड़ का कारोबार प्रभावित होने की आशंका है।
केंद्रीय श्रम संगठनों के आह्वान पर आयोजित हड़ताल में एआईबीओसी एवं एनओबीओ से जुड़े बैंक अधिकारियों का संगठन शामिल नहीं हुए। वहीं एआईबीओए और आईएनबीओसी से जुड़े अधिकारी संगठनों के सदस्य हड़ताल में शामिल हुए। वहीं एआईबीईए, बीईएफआई और आईएनबीईएफ से जुड़े कर्मचारी संगठनों के सदस्यों ने हड़ताल को सफल बनाने में पूरी ताकत झोक दी। जनपद के करीब 200 बैंक शाखाओं में हड़ताल का असर रहा। घंटा घर स्थित एसबीआई मुख्य शाखा समेत अन्य शाखाओं में कार्य हुए।
एसबीआई ऑफिसर्स एसोसिएशन हड़ताल के एक दिन पहले इससे अलग हो गई। इससे पूर्व यूपी बैंक इंपलाइज यूनियन के बैनर तले बैंककर्मी रेलवे रोड स्थित इलाहाबाद शाख से पंजाब नेशनल बैंक की मुख्य शाखा तक नारेबाजी करते प्रदर्शन किया। धरना-प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष आरके शर्मा, जिला मंत्री वीके शर्मा, डॉ. राकेश सक्सेना, रामजीलाल, सुनील मेहरोत्रा, शर्मिला कुलश्रेष्ठ, शबनम, दुर्गेश शर्मा, एके सिंह, रामगोपाल, पंकज शर्मा, अनिल शर्मा, योगेश लवानिया, नरेंद्र कुमार आदि शामिल हुए।