साइबर ठगी में म्यूल बैंक अकाउंट का इस्तेमाल करने के मामले में इगलास पुलिस ने एक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। साइबर सेल की जांच में सामने आया कि युवक ने तीन हजार रुपये प्रतिमाह के लालच में अपना बैंक खाता एक अज्ञात व्यक्ति को उपयोग के लिए दे दिया था। इसी खाते के माध्यम से गुजरात में हुई दो साइबर ठगी की रकम का लेनदेन किया गया।
कोतवाल ने बताया कि गांव करथला निवासी मिथुन कुमार के संदिग्ध बैंक लेनदेन के दौरान इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खाते की जांच की गई। पता चला कि खाताधारक वर्तमान में गुरुग्राम (हरियाणा) स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत है। पूछताछ में मिथुन कुमार ने स्वीकार किया कि बैंक खाता उसने स्वयं खुलवाया था। तीन हजार प्रतिमाह मिलने के लालच में एक अज्ञात व्यक्ति को उपयोग के लिए दे दिया।
जांच के दौरान समन्वय पोर्टल एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर खाते का सत्यापन किया गया। इसमें गुजरात के दो साइबर फ्राड मामलों से इस खाते का संबंध मिला। पहला मामला गुजरात के मोरबी सिटी बी डिवीजन थाने का है, जिसमें पीड़ित से ठगे गए 87 हजार रुपये इसी खाते में आए थे। दूसरा मामला अहमदाबाद के चांदखेड़ा थाना क्षेत्र का है, जिसमें साइबर ठगी की रकम से दो हजार रुपये उक्त खाते में स्थानांतरित किए गए थे। इसे म्यूल बैंक अकाउंट की श्रेणी में माना जाता है। इगलास में साइबर सेल के उपनिरीक्षक दीपक कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।