दिन भर बाब-ए-सैयद पर ताला, शाम को खुला
- फोटो : Rupesh
स्कालरशिप की मांग को लेकर दूसरे दिन भी एएमयू छात्रों ने बाब-ए-सैयद बंद कर धरना-प्रदर्शन किया। प्रॉक्टोरियल टीम के साथ छात्र नेताओं की तीखी नोकझोंक भी हुई। दिन भर की मान-मनौव्वल तथा यूजीसी चेयरमैन एवं ज्वाइंट सेक्रेटरी से बातचीत के बाद छात्र माने और शाम में धरना समाप्त किया।
एएमयू के जेडएच कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के एमटेक छात्र पिछले सात महीने से स्कालरशिप से वंचित हैं। इसकी वजह से बेहद परेशान हैं। इसको लेकर पहले भी धरना, प्रदर्शन एवं सड़क जाम कर चुके हैं। सोमवार को छात्र इंजीनियरिंग कॉलेज के सामने सड़क जाम कर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। आरोप है कि रात्रि में प्रॉक्टोरियल टीम द्वारा जबरन छात्रों को धरने पर से उठाने का प्रयास किया गया। इससे छात्र भड़क गए और उपाध्यक्ष नदीम अंसारी समेत अन्य नेताओं के साथ बाब-ए-सैयद पर पहुंच कर उसे बंद कर दिया।
रात भर छात्र धरने पर बैठे रहे। स्कालरशिप के अतिरिक्त छात्रों के साथ दुर्व्यवहार करने वाले प्रॉक्टोरियल टीम के सदस्यों को हटाने की भी मांग शुरू कर दी। मंगलवार को छात्रों के साथ छात्राएं भी धरने पर बैठ गईं। धरना स्थल पर ही हॉल से मंगाकर भोजन किया।
दिन भर मान-मनौव्वल का प्रयास चलता रहा, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। एएमयू वीसी जमीरउद्दीन शाह स्वयं यूजीसी चेयरमैन से फोन पर बात कर स्थिति से अवगत कराया। चेयरमैन के निर्देश पर यूजीसी के ज्वाइंट सेक्रेटरी ने छात्रों को आश्वस्त किया कि जल्द स्कालरशिप की राशि मिल जाएगी। एएमयू प्रॉक्टर प्रो. एम मोहसिन खान ने बताया कि यूजीसी से आश्वासन मिलने के बाद छात्र मान गए और शाम में धरना खत्म कर दिया। उन्होंने बताया कि जल्द ही पोर्टल बन जाएगा और स्कालरशिप के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएगा। छात्र संघ उपाध्यक्ष नदीम अंसारी ने कहा कि उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो रजिस्ट्रार आफिस बंद कराएंगे।