महानगर के क्वार्सी बाईपास स्थित कमिश्नरी मुख्यालय के सामने सोमवार शाम बालू से भरे अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रौला ने मकान की दीवार तोड़ते हुए 6 वर्षीय मासूम पूजा की जान ले ली। सामने से आते वाहन को बचाने के फेर में चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर एक लकड़ी के खोखे को तोड़ता हुआ मकान में जा घुसा। इस दौरान खोखे पर बैठा किशोर भूपेंद्र भी जख्मी हो गया। एक्सीडेंट के बाद गुस्साई भीड़ ने बाईपास पर जाम लगाकर जमकर हंगामा किया। बाद में पुलिस ने पहुंचकर जैसे-तैसे हालात नियंत्रित करते हुए शव पोस्टमार्टम को भेजा। पोस्टमार्टम केंद्र पर भी बच्ची की मां ने पोस्टमार्टम न कराने की मांग करते हुए हंगामा काटा। वहां भी पुलिस ने जैसे-तैसे महिला को समझाकर शंात किया।
मूल रूप से पालीमुकीमपुर थाना क्षेत्र के गांव मीरपुर निवासी मजदूर महाराम की बेटी पूजा अपने नाना वीरू के घर कमिश्नरी मुख्यालय के सामने आई हुई थी। सोमवार शाम करीब 6 बजे पूजा घर के दरवाजे पर खेल रही थी। तभी अनूपशहर की ओर से बालू भरकर ट्रैक्टर-ट्राला आ रहा था। कमिशभनरी के सामने एक वाहन को बचाने के चक्कर में चालक ट्रैक्टर से नियंत्रण खो बैठा और सड़क से उतरकर राजन के खोखे को क्षतिग्रस्त करता हुआ दीवार तोड़कर मकान में जा घुसा। इस दौरान खोखे पर बैठा 12 वर्षीय भूपेंद्र जख्मी हो गया, जबकि दरवाजे पर खोल रही पूजा की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया।
इसके बाद पब्लिक ने बाईपास जाम करते हुए जब हंगामा शुरू किया तो क्वार्सी सहित कई थानों का फोर्स, पीएसी व क्यूआरटी आदि पहुंच गई। जैसे-तैसे लोगों को समझाया गया। ट्रैक्टर कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया गया। शव पोस्टमार्टम पर पहुंचा तो वहां भी बच्ची की मां बिफर गई। वह पोस्टमार्टम न कराने की जिद पर थी और अंदर से शव निकालकर बाहर आ गई। वहां भी पुलिस को बुलाना पड़ गया और जैसे-तैसे मामला शांत हुआ। एसओ क्वार्सी के अनुसार एक्सीडेंट के आरोपी चालक की तलाश जारी है।