शहर को पॉलिथीन से मुक्त बनाने के क्रम में जागरूकता लाने के लिए नगर निगम ने इसके बहिष्कार के लिए जागरूकता रैली निकाली। इसके लिए थाना वाइज दायित्व निर्धारित किए गए हैं। नगर निगम, पुलिस और प्रशासन छापामार कार्यवाही करेगा।
नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल ने दृढ़ संकल्प लेते हुए अधीनस्थों को हिदायत दी है कि इसका उपयोग करने वालों व ब्रिकी करने वालों पर 15 जुलाई से सख्ती से कार्यवाही करें। इसके साथ ही मंगलवार को शहर के विभिन्न स्कूलों व सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों के साथ पॉलिथीन बहिष्कार पर जागरूकता रैली निकली गई।
रैली टीकाराम कॉलेज से सेंटर प्वाइंट, स्टेट बैंक, कठपुला, नौरंगीलाल राजकीय इंटर कालेज तक निकाली गई। रोकथाम के क्रम में अपर जिलाधिकारी नगर श्याम बहादुर सिंह ने नगर निगम, पुलिस व प्रशासन के सहयोग से थाना वाइज अधीनस्थों को दायित्व निर्धारित किए हैं। संबंधित टीम के लीडर, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि, नगर निगम के संबंधित अधिकारी इस संबंध में कार्य योजना तैयार करेंगे। नगर निगम की ओर से अभियान के नोडल अधिकारी डा. शिवकुमार नगर स्वास्थ्य अधिकारी होंगे।
पालिथीन से होने वाले नुकसान के बारे में बताया
सासनी गेट स्थित पंचनगरी रोड पर विवेक विहार कॉलोनी में प्रतिबंधित पॉलिथीन का प्रयोग बंद करने के लिए सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी द्वारा पर्यावरण जागरूकता अभियान के तहत इससे होने वाले नुकसान की जानकारी दी गई।
सोसाइटी के सदस्य कुलदीप कुमार ने बताया कि अलीगढ़ को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए सबसे पहले हमें घरों और दुकानों पर प्रयोग होने वाली प्रतिबंधित पालिथीन का प्रयोग बंद करना होगा। इससे शहर की नालियां एवं गंदे नाले अट जाते हैं। कूढ़े के ढेरों में पॉलीथिन न डालें। शहर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए नगर निगम सख्ती से काम ले। इसमें सभी घर एवं परिवार, सरकारी एवं गैर सरकारी संगठनों के लोग इसमें सहभागिता करें। दीपक पालीवाल ने कहा कि पॉलिथीन हमारे जीवन के लिए अभिशाप बन गई है। फिर भी हम लोग इसका प्रयोग जानबूझ कर कर रहे हैं।
राकेश कुमार ने कहा कि पालिथीन का प्रयोग बंद हो जाएगा तो प्रकृति हमें सुखी एवं खुशहाल जीवन देगी। इस अवसर पर गायत्री देवी, छोटू भाई, सत्यम भारती, राजेश कुमारी आदि लोग उपस्थित थे।