अकराबाद क्षेत्र अंतर्गत पनैठी गंगीरी रोड पर गांव शाहगंज के पास बुधवार की रात दो वाहनों के बीच भिड़ंत हो गई। इस हादसे में ऑटो चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस ने मामले की जानकारी कर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
पिलखना चौराहा निवासी नावेद ने पुलिस को सूचना दी कि बुधवार की रात वह अपने ऑटो में गंभीर पैंठ से लौट रहे थे। ऑटो में सब्जी बेचकर घर लौट रहे व्यापारी बैठे थे। इसी दौरान कौडियागंज निवासी सब्जी विक्रेता जुगाड़ वाहन खराब हो गया। यह वाहन शाहगढ़ गांव के पास सड़क पर खड़ा था। सामने से आ रहे एक वाहन की तेज लाइटें ऑटो चालक की आंखों पर पड़ीं। तेज रोशनी के कारण ऑटो चालक को सड़क पर खड़ा जुगाड़ वाहन दिखाई नहीं दिया। जिससे ऑटो की जुगाड़ वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया।
ये हुए घायल
इस दुर्घटना में ऑटो चालक को चोटें आईं। उसके साथ ऑटो में बैठे कौडियागंज निवासी आजाद और रेहान भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर घायलों के परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस भी परिजनों के साथ घटनास्थल पर मौजूद थी। परिजन निजी वाहन से सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले गए।
नहीं मिली तहरीर
घटना के संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज मिश्रा ने बयान दिया है। उन्होंने बताया कि इस हादसे में कुल तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस को अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले में जांच शुरू की जाएगी। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।