कस्बे में टैटीगांव रोड पर ट्यूशन पढ़कर लौट रहे 10 साल के बालक के अपहरण की कोशिश हुई। बाइक सवारों के मुंह से- पकड़ो इसे, सुनकर बालक घर की ओर भागा। उसके भागते ही बाइक सवार भी भाग निकले। पिता की ओर तहरीर मिलते ही खैर थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की पहचान में जुट गई है।
अलीगढ़-पलवल रोड स्थित पीली मिट्टी निवासी व्यापारी पवन कुमार ने दी गई तहरीर में बताया कि घटना 20 नवंबर की शाम की है। उनका करीब 10 वर्षीय बेटा ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा था। टैटीगांव रोड पर एक फर्नीचर की दुकान के सामने दो बाइक सवार युवकों ने उनके बेटे की ओर इशारा करते हुए कहा- यही है, इसे पकड़ो। यह सुनकर उनका बेटा घबरा गया और वहां से भागकर घर पहुंचा। घर पर आते ही उसने जानकारी दी तो परिवार के लोगों के होश उड़ गए।
पिता ने बेटे के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए खैर थाने में तहरीर दी। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि पीड़ित के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है।
पीड़ित परिवार ने किसी पर शक अथवा आरोप व्यक्त नहीं किया है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। चिह्नित व्यक्ति की पहचान कर पूछताछ की कार्रवाई की जाएगी।-अभिषेक पटेल, सीओ।