सासनीगेट थाना क्षेत्र के हाथरस अड्डा के पास बृहस्पतिवार सुबह 11 साल की बच्ची के अपहरण की कोशिश की गई। सरेराह युवक ने बच्ची को टॉफी का लालच देकर उसे अपने साथ चलने को उकसाया। इस पर बच्ची डर गई और शोर मचा दिया। यह देख आसपास के लोग एकत्रित हो गए और आरोपी पकड़कर पीट दिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
इलाके में ही रहने वाली 11 वर्षीय बच्ची सुबह परचून की दुकान पर सामान लेने आई थी। तभी उसे एक युवक मिला, उसने बच्ची को टॉफी देते हुए साथ ले चलने की बात कही। इस पर बच्ची उसकी नीयत पर संदेह करते हुए चिल्लाने लगी। यह देख आसपास के लोग एकत्रित हो गए। आरोपी को दबोचकर बच्ची के पिता को बुलाया गया। बाद में पता चला कि उससे बच्ची के परिवार की कोई पहचान नहीं है। बाद में उसे पीट कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। इंस्पेक्टर गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि आरोपी बंटी पुत्र हरी सिंह निवासी कृष्णा कांप्लैक्स आगरा रोड को अपहरण की कोशिश के आरोप में जेल भेज दिया गया है।