थाना सिविल लाइंस क्षेत्र की एक युवती ने युवक पर उत्पीड़न करने और तेजाब फेंकने की कोशिश का आरोप लगाया है। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले की युवती के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के भुजपुरा का मुहीब काफी समय से उसे परेशान कर रहा है। आरोप है कि युवक रास्ते में रोककर गाली-गलौज करता है। डराता-धमकाता है। शादी कहीं और करने पर जान से मारने की धमकी देता है।
पीड़िता के अनुसार नौ जून को वह अमीर निशा बाजार में खरीदारी करने गई थी। इसी दौरान आरोपी उसका पीछा करते हुए वहां पहुंच गया। युवती का आरोप है कि युवक के हाथ में तेजाब था। उसे देखकर उसने शोर मचा दिया, जिस पर आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप करते हुए तेजाब को फेंक दिया।
आरोप है कि इसके बाद युवक ने फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की और उसकी स्कूटी भी क्षतिग्रस्त कर दी। सीओ सिविल लाइंस सर्वम सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।