थाना गांधी पार्क क्षेत्र में मारपीट के बाद मौके पर जुटी भीड़ ।
- फोटो : CITY OFFICE
महानगर के थाना गांधीपार्क क्षेत्र में गैंगस्टर को पकड़ने पहुंची पुलिस पर आरोपी उसके परिजनों व साथियों ने एक राय होकर हमला बोल दिया। इतना ही नहीं पुलिस टीम पर जमकर पथराव भी किया। हमले में दो लैपर्ड कर्मी भी घायल हो गए। हालांकि पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच कर जेल भेजा है। इस मामले में चार नामजदों समेत 14 लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गांधीपार्क थाने से इलाके के बाबा कॉलोनी निवासी चेतन उर्फ चिंटू पुत्र गिर्राज सिंह को गैैंगस्टर एक्ट के एक मामले में आरोपी है। थाने के एसआई बिजेंद्र यादव पुलिस टीम को साथ लेकर आरोपी को पकड़ने गए थे। आरोप है कि टीम के पहुंचते ही महिलाओं ने शोर मचाते हुए हमला बोल दिया और पथराव करना शुरू कर दिया। हमले में लैपर्ड कर्मी सुनील व रोहित कुमार घायल हो गए। किसी तरह पुलिस टीम ने खुद को इस हमले से बचाया और घेराबंदी करते हुए आरोपी चेतन उर्फ चिंटू को दबोच लिया। इस मामले में एसआई बिजेंद्र यादव की ओर से आरोपी चेतन उर्फ चिंटू, उसके भाई हिमांशु, बहन लता, मां रिंकी देवी के अलावा आठ-दस अज्ञात के खिलाफ एक राय होकर हमला बोलने व सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार हैं, जिन्हें पुलिस तलाश रही है।