थाना कोतवाली सदर क्षेत्र के गांव नहरोई में शुक्रवार की दोपहर कुछ लोगों ने भाजपा के किसान युवा मोर्चा के राष्ट्रीय सह संयोजक व भारतीय खाद्य निगम के सदस्य डॉ. अविन शर्मा व उनके कर्मियों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने फायरिंग भी की और वहां एक ट्रैक्टर व उसमें लदी सरसों को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। कई थानों की फोर्स वहां पहुंच गई। भाजपा नेता के साथ मौजूद कई लोगों के गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
रघुनंदन प्रसाद मैमोरियल शिक्षा समिति के नाम से गांव नहरोई के निकट में एक भूखंड है। इस प्रबंध समिति की प्रबंधक निर्मला शर्मा पत्नी उमाशंकर शर्मा हैं। उमाशंकर शर्मा के पुत्र भाजपा नेता डॉ. अविन शर्मा हैं। इस भूंखड पर सरसों फसल बोई गई थी। बताते हैं कि जब डॉ. शर्मा के कुछ कर्मी इस फसल को एकत्रित कर थ्रेसर से निकलवाकर इसे ट्रैक्टर में रखवा रहे थे। तभी वाहां कुछ हमलावर आ गए।
यह हमलावर लाठी, डंडा, फरसा, दरांती व तमंचों से लैस थे। आते ही इन लोगों ने सरसों की फसल व ट्रैक्टर में आग लगा दी। आग लगते ही वहां अफरा तफरी मच गई। इसकी जानकारी मिलने पर जैसे भाजपा नेता डॉ. अविन शर्मा वहां पहुंचे तो हमलावरों ने उन पर भी तमंचों से फायरिंग कर दी। जिससे वह बाल बाल बच गए। इन लोगों ने डॉ. शर्मा के साथ मौजूद मनोज, रामू, अखिलेश, दीपक, नवनीत पर भी जानलेवा हमला कर दिया। लाठी डंडों आदि से मारपीट कर घायल कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही हाथरस कोतवाली सदर, सासनी, हाथरस गेट सहित कई थानों की पुलिस फोर्स पहुंच गई। फायरिंग और आगजनी को देखकर वहां भगदड़ मच गई। कुछ लोगों ने घायलों को वहां से जैसे तैसे निकाला। पुलिस की मौजूदगी में भी हमलावर वहां जमे रहे। बाद में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा भी वहां आ गए। घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। डॉ. अविन शर्मा के पिता उमाशंकर शर्मा की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। रिपोर्ट में वीरेंद्र उर्फ बिन्ना, धर्मेद्र, शशी, लक्ष्मी, जुगेंद्र के अलावा आठ दस अज्ञात लोगों को आरोपित किया गया है।
तहरीर के आधार पर जुगेंद्र, बिन्ना आदि के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला जमीन विवाद का है। रिपोर्ट कर जांच कराई जा रही है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उन्हीं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-सिद्धार्थ वर्मा, एएसपी
मुझ पर यह जानलेवा हमला मेरे राजनैतिक विरोधियों की साजिश है। घटना की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। देखना है कि पुलिस कब तक आरोपियों की गिरफ्तारी करती है।
-डॉ. अविन शर्मा, राष्ट्रीय सह संयोजक भाजपा युवा किसान मोर्चा